वैभव ने बांग्लादेश के गेंदबाजों को पछाड़ा, इतने गेंदों में बनाया वर्ल्ड कप का पहला अर्धशतक

0

नई दिल्ली : अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने अपने पुराने रंग में खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बांग्लादेश के गेंदबाजों को कड़ी टक्कर दी और अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। यह वैभव का अंडर-19 वर्ल्ड कप में पहला अर्धशतक भी रहा।

वैभव ने 30 गेंदों में पूरा किया अर्धशतक

इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने काफी समझदारी और परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी की। उन पर रन बनाने का दबाव था, क्योंकि भारतीय टीम ने अपने शुरुआती दो विकेट केवल 12 रन पर ही गंवा दिए थे। वैभव ने अच्छे गेंदबाजी प्रयासों का सम्मान किया, लेकिन कमजोर गेंदों को उन्होंने तेजी से बाउंड्री पार भेजा और कठिन परिस्थितियों में भारत के लिए महत्वपूर्ण रन जोड़े। खबर लिखे जाने तक उन्होंने 50 रन बना लिए थे।

बांग्लादेश के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने अपना अर्धशतक मात्र 30 गेंदों में पूरा किया, जिसमें उन्होंने 3 छक्के और 5 चौके जड़े। इस मैच में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे 6 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, जबकि वेदान्त त्रिवेदी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद वैभव और विहान मल्होत्रा ने पारी को संभालना शुरू किया और ऐसा लग रहा था कि दोनों सेट हो गए हैं, लेकिन विहान केवल 7 रन बनाकर आउट हो गए और भारत ने अपना तीसरा विकेट 53 रन के स्कोर पर ही गंवा दिया।

वैभव ने सबसे कम उम्र में पूरा किया अर्धशतक

वैभव सूर्यवंशी अब अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप में सबसे कम उम्र में अर्धशतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह रिकॉर्ड 14 साल और 296 दिन की उम्र में बनाया। इससे पहले यह उपलब्धि कनाडा के नितीश कुमार के नाम थी, जिन्होंने 15 साल की उम्र में अर्धशतक लगाया था। वैभव ने उनसे आगे निकलते हुए इस सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here