बांग्लादेश की राह में बाधा, आयरलैंड ने ग्रुप परिवर्तन से किया मना; ICC में संकट

0

नई दिल्ली: 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की सहमेजबानी में आयोजित होने वाले ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखने को लेकर बहस छिड़ी थी, और इसके बाद बांग्लादेशी टीम ने भारत में अपने मैच खेलने से साफ तौर पर इनकार कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऐसे में इस टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की टेंशन बढ़ गई है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आईसीसी के साथ मीटिंग में प्रस्ताव रखा था कि बांग्लादेश और आयरलैंड आपस में ग्रुप बदल लें, जिससे बांग्लादेश के मैच श्रीलंका खिसक जाएं.

बोर्ड का तर्क था कि इससे लॉजिस्टिक बदलाव कम से कम होंगे हालांकि क्रिकेट आयरलैंड ने बांग्लादेश के साथ ग्रुप बदलने के प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिससे बीसीबी के लिए स्थिति और मुश्किल हो गई है. क्रिकेट आयरलैंड ने साफ कर दिया है कि उसकी टीम का शेड्यूल जैसा है, वैसा ही रहेगा. यानी उसकी टीम अपने सभी ग्रुप-स्टेज मैच श्रीलंका के कोलंबो में ही खेलेगी.

आयरिश बोर्ड ने क्या बयान दिया?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अधिकारी ने कहा, ‘हमें आईसीसी से स्पष्ट आश्वासन मिला है कि हम मूल शेड्यूल से नहीं हटेंगे. हम निश्चित तौर पर श्रीलंका में ही ग्रुप-स्टेज खेलेंगे.’ इस बयान के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की उम्मीदों पर सीधा झटका लगा है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेशी बोर्ड लगातार आईसीसी से आग्रह कर रहा है कि उसकी टीम के मुकाबले भारत की बजाय श्रीलंका में मैच दिए जाएं. बांग्लादेश सरकार ने टीम, फैन्स, मीडिया और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा पर चिंता जताई है. इसी वजह से बांग्लादेशी बोर्ड ने आईसीसी से मांग की है कि बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में कराए जाएं और आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने पर विचार किया जाए. बीसीबी का मानना है कि सिर्फ ग्रुप स्वैप से ही यह संभव हो सकता है. लेकिन आयरलैंड के इनकार के बाद यह रास्ता भी बंद हो गया है.

अब स्थिति यह है कि बांग्लादेशी टीम भारत में खेलने के लिए राजी नहीं है, जबकि ICC भी शेड्यूल बदलने को तैयार नहीं दिख रहा। इसके अलावा, आयरलैंड ग्रुप स्वैप को मंजूरी नहीं दे रहा है, जिससे टूर्नामेंट को लेकर संशय बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार ICC विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रहा है, लेकिन फिलहाल कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश को ग्रुप C में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, नेपाल और इटली के साथ रखा गया है। बांग्लादेश को अपने तीन मुकाबले कोलकाता और एक मैच मुंबई में खेलने हैं। वहीं आयरलैंड को ग्रुप B में श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे और ओमान के साथ रखा गया है। आयरलैंड के तीनों ग्रुप मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में निर्धारित हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here