नई दिल्ली: भारतीय टीम ने शनिवार (17 जनवरी) को ICC मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत 18 रनों से जीत दर्ज की। बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 238 रन पर अपनी पारी समाप्त की। बारिश के कारण मैच कई बार रुका, जिसके चलते बांग्लादेश को जीत के लिए संशोधित लक्ष्य के रूप में 29 ओवर में 165 रन बनाने थे।
टारगेट का पीछा करते हुए बांग्लादेश का स्कोर एक समय 2 विकेट पर 106 रन था. लेकिन यहां से भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी करते हुए बांग्लादेश को हारने के लिए मजबूर किया. भारतीय टीम की जीत के स्टार उप-कप्तान विहान मल्होत्रा रहे, जिन्होंने 4 विकेट लेकर बांग्लादेशी बैटिंग को तहस-नहस कर दिया.
विहान मल्होत्रा ने पहले कलाम सिद्दिकी अलीन (15) को आउट किया. इसके बाद उन्होंने शेख पावेज जिबोन (7 रन), समियुन बसीर रतुल (2 रन) और मोहम्मद रिजान होसन (15 रन) के भी विकेट झटके. विहान ने 4 ओवरों में 4/14 के आंकड़े दर्ज कर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीता.
जानिए विहान मल्होत्रा के बारे में
विहान मल्होत्रा इस मैच में बल्लेबाजी में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और केवल 7 रन ही बना सके। लेकिन अपनी स्पिन गेंदबाजी से उन्होंने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। विहान का जन्म 1 जनवरी 2007 को पटियाला में हुआ था। 19 वर्षीय विहान बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और दाएं हाथ से ऑफ ब्रेक गेंदबाजी का हुनर रखते हैं। विहान मल्होत्रा जूनियर टीम के साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जा चुके हैं. वह अंडर-19 एशिया कप 2025 और घरेलू त्रिकोणीय सीरीज में खेल चुके हैं. विहान पहले ओपनर थे, लेकिन बाद में वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे के लिए टॉप ऑर्डर में जगह बनाते हुए वो मध्यक्रम में शिफ्ट हुए.
विहान मल्होत्रा ने पिछले साल नवंबर में इंडिया अंडर-19 ए टीम की कप्तानी की थी। उस त्रिकोणीय सीरीज में उन्होंने 5 पारियों में 182 रन बनाकर टॉप स्कोरर का खिताब अपने नाम किया। विहान ने पटियाला के क्रिकेट हब अकादमी में कमलप्रीत संधू से कोचिंग ली है, वहीं अपनी क्रिकेटिंग स्किल सुधारने के लिए अंडर-19 कोच हृषिकेश कानितकर और वीवीएस लक्ष्मण से भी मार्गदर्शन लिया।
विहान मल्होत्रा टीम के स्टार बल्लेबाजों शुभमन गिल और विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं। उनका मानना है कि रेड-बॉल क्रिकेट में तकनीकी रूप से मजबूत होने से व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भी काफी फायदा होता है। विहान का कहना है कि टी20 क्रिकेट के इस दौर में निरंतर मेहनत करना सबसे जरूरी है। IPL 2026 की मिनी नीलामी के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर साइन किया।


