नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज समाप्त हो चुकी है, जिसमें टीम इंडिया को 1-2 से हार झेलनी पड़ी। इस सीरीज में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन विराट कोहली ने बनाए और वह टॉप स्कोरर रहे, लेकिन नितीश कुमार रेड्डी ने रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर जैसे दिग्गज बल्लेबाज़ों से भी अधिक रन बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ रन मशीन बने कोहली
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में किंग कोहली का बल्ला जमकर बोला और वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे। कोहली ने इस सीरीज में एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से कुल 240 रन बनाए। इस सूची में दूसरे स्थान पर केएल राहुल रहे, जिन्होंने तीन मैचों में एक शतक के सहारे 142 रन जुटाए।
भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे स्थान पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल रहे जिन्होंने 3 मैचों में 2 अर्धशतकीय पारी खेली और 135 रन बनाए जबकि चौथे स्थान पर हर्षित राणा रहे जिन्होंने 3 मैचों में एक अर्धशतक की मदद से 83 रन बनाए। इस लिस्ट में 5वें स्थान पर नितीश कुमार रेड्डी रहे जिन्होंने 2 मैचों में एक अर्धशतक के साथ 73 रन बनाए।
इस वनडे सीरीज में भारतीय ओपनर रोहित शर्मा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह तीन मैचों में सिर्फ 61 रन ही बना सके, जिससे वह रन बनाने वालों की सूची में छठे स्थान पर रहे। वहीं, सातवें नंबर पर श्रेयस अय्यर रहे, जिन्होंने तीन मुकाबलों में 60 रन बनाए। चोट के बाद वापसी कर रहे श्रेयस के लिए यह सीरीज खास अच्छी नहीं रही। इसके अलावा रविंद्र जडेजा ने भी तीन मैचों में 43 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में आठवें स्थान पर रहे।


