बांग्लादेश हटा तो पाकिस्तान भी टी-20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा, PCB ने रोकी तैयारियां

0

इस्लामाबाद। भारत और श्रीलंका में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा राजनीतिक और क्रिकेट विवाद सामने आया है। पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज ने PCB सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटता है, तो पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने फिलहाल अपनी तैयारियां रोक दी हैं और टीम मैनेजमेंट को वैकल्पिक योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि इस पूरे मामले पर अब तक PCB या ICC की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इधर, बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा है कि अगर ICC भारतीय बोर्ड के दबाव में बांग्लादेश पर अनुचित शर्तें थोपने की कोशिश करता है, तो उनका देश ऐसी शर्तें स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने दोहराया कि बांग्लादेश टीम भारत में खेलने नहीं आएगी।

ICC ने ग्रुप बदलने की मांग ठुकराई

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 21 जनवरी तक यह तय करने को कहा है कि टीम वर्ल्ड कप खेलेगी या नहीं। ICC ने साफ कर दिया है कि अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटता है तो रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को मौका दिया जाएगा। 17 जनवरी को ढाका में हुई बैठक में ICC ने BCB की ग्रुप बदलने की मांग खारिज कर दी थी। बांग्लादेश बोर्ड चाहता था कि उसे ग्रुप-C से हटाकर ग्रुप-B में शामिल किया जाए ताकि सभी मैच श्रीलंका में खेले जा सकें। ICC ने भरोसा दिलाया कि भारत में टीम को कोई सुरक्षा खतरा नहीं है।

मुस्तफिजुर विवाद से भड़का मामला

विवाद की शुरुआत तब हुई जब BCCI के निर्देश पर KKR ने 3 जनवरी को मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से रिलीज कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश सरकार ने अपने यहां IPL के प्रसारण पर रोक लगा दी। साथ ही सुरक्षा का हवाला देते हुए वर्ल्ड कप के वेन्यू बदलने की मांग भी की गई। गौरतलब है कि KKR ने 16 दिसंबर को IPL मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। बाद में बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के मामलों के चलते भारत में उनका विरोध शुरू हुआ, जिसके बाद BCCI ने उन्हें IPL खेलने की अनुमति नहीं दी।

7 फरवरी से शुरू होगा वर्ल्ड कप

टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इसी दिन बांग्लादेश और पाकिस्तान अपने-अपने ग्रुप में पहला मैच खेलेंगे। बांग्लादेश को ग्रुप-C में रखा गया है, जहां उसे 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ना है। ये सभी मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होंगे। टीम का आखिरी ग्रुप मैच 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here