न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टी-20 बुधवार को नागपुर में
नागपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुरू हो रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम संयोजन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सूर्यकुमार ने साफ किया कि ईशान किशन पहले टी-20 में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करेंगे। प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि ईशान टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की योजना का अहम हिस्सा हैं और घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है।
सूर्यकुमार ने बताया कि टीम मैनेजमेंट को नंबर तीन के लिए ईशान सबसे मजबूत विकल्प लगते हैं, इसलिए उन्हें लगातार मौके दिए जाएंगे। वहीं करीब 25 महीने बाद टीम में लौटे श्रेयस अय्यर को फिलहाल प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलेगी। ईशान किशन अब तक टी-20 इंटरनेशनल में चार मैच नंबर तीन पर खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 114 रन बनाए हैं। उनके खाते में दो अर्धशतक हैं और औसत 28.50 रहा है। ईशान ने मार्च 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 डेब्यू किया था। अब तक 32 टी-20 मैचों में उन्होंने 796 रन बनाए हैं।
घरेलू क्रिकेट में ईशान का हालिया प्रदर्शन बेहद दमदार रहा है। वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 के टॉप स्कोरर रहे। झारखंड की ओर से खेलते हुए उन्होंने 10 मैचों में 517 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 57.44 और स्ट्राइक रेट 197.32 रहा। उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक जड़कर टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी-20 मुकाबला बुधवार को नागपुर में खेला जाएगा।


