पब्लिक वाणी जीत के साथ सेमीफाइनल में, डीजीपी इलेवन बनी चैंपियन

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। 31वें आईईएस–डिजिआना इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में पब्लिक वाणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टाइम्स ऑफ इंडिया को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल में अब पब्लिक वाणी का मुकाबला राज एक्सप्रेस से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में दैनिक भास्कर और पीपुल्स समाचार आमने-सामने होंगे।

विभागीय ग्रुप में डीजीपी इलेवन ने खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में डीजीपी इलेवन ने नगर निगम कमिश्नर इलेवन को 86 रनों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।  कार्पोरेट ग्रुप के मुकाबलों में हमीदिया स्पोर्ट्स ने भोपाल क्रिकेट क्लब को 96 रनों से हराया, जबकि एलीट वारियर्स ने रेट्रो स्टार को 70 रनों से मात दी।

फेथ क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर शुक्रवार को खेले गए मैच में टाइम्स ऑफ इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 110 रन बनाए। जावेद ने 47 और जतिन ने 22 रन बनाए। पब्लिक वाणी की ओर से शशांक और देवेंद्र ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में पब्लिक वाणी ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान विशाल गर्ग और राम ने 25-25 रन बनाए, जबकि विनय शुक्ला ने 22 रनों का योगदान दिया। टाइम्स की ओर से कप्तान रामेंद्र सिंह ने दो विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन के लिए शशांक मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए, जबकि विशाल गर्ग को आरएनटीयू मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार मिला। उन्हें फेथ ग्रुप के सीएमडी राघवेंद्र सिंह तोमर ने सम्मानित किया।

विभागीय ग्रुप के फाइनल में डीजीपी इलेवन ने आठ विकेट पर 171 रन बनाए। दीशांत खरे ने 65 रन की पारी खेली, जबकि विजय सिंह और कप्तान संदीप सूर्यवंशी ने 34-34 रन बनाए। जवाब में नगर निगम कमिश्नर इलेवन 85 रनों पर सिमट गई। डीजीपी इलेवन की ओर से अंकुश सराठे ने चार विकेट लिए। अंकुश को मानसरोवर प्लेयर ऑफ द मैच और दीशांत खरे को आरएनटीयू मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में आईईएस यूनिवर्सिटी के चांसलर इंजीनियर बीएस यादव, 25वीं बटालियन के कमांडेंट नागेंद्र सिंह और टूर्नामेंट संरक्षक मृगेंद्र सिंह मौजूद रहे।

आज के मैच:

नवदुनिया बनाम पत्रिका – सुबह 9.30 बजे, बाबे आली ग्राउंड

एलीट वारियर्स बनाम भोपाल क्रिकेट क्लब – दोपहर 12.30 बजे, बाबे आली ग्राउंड

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here