सूर्यकुमार–ईशान का तूफान, भारत ने न्यूज़ीलैंड को 7 विकेट से हराकर सीरीज़ में 2-0 की बढ़त बनाई

0

रायपुर। सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन की विस्फोटक पारियों की बदौलत भारत ने दूसरे टी20 इंटरनेशनल में न्यूज़ीलैंड को 7 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज़ में 2-0 की बढ़त बना ली। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 209 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य महज 15.2 ओवर में हासिल कर लिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला भारत के लिए सही साबित हुआ, हालांकि न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ों ने तेज़ रन बनाए और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

न्यूज़ीलैंड की शुरुआत आक्रामक रही। डेवन कॉन्वे ने 9 गेंदों में 19 और टिम साइफ़र्ट ने 13 गेंदों में 24 रन बनाए। रचिन रविंद्र ने एक छोर संभालते हुए 26 गेंदों में 44 रन की उपयोगी पारी खेली। ग्लेन फिलिप्स और डैरिल मिचेल ने भी तेज़ रन जोड़े। पारी के अंत में कप्तान मिचेल सैंटनर ने 27 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाकर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। भारत की ओर से कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट लिए। हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली। 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में संजू सैमसन 6 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि अगले ओवर में अभिषेक शर्मा खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। भारत ने महज 6 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे।

ईशान–सूर्यकुमार की मैच जिताऊ साझेदारी

इसके बाद ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालते हुए आक्रामक अंदाज़ में रन बटोरना शुरू किया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 122 रनों की शानदार साझेदारी हुई। ईशान किशन ने 32 गेंदों में 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। वहीं सूर्यकुमार यादव ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में 37 गेंदों में 82 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे।

ईशान के आउट होने के बाद शिवम दुबे ने सूर्यकुमार का अच्छा साथ निभाया। दुबे ने 18 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए और भारत को 28 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। न्यूज़ीलैंड की ओर से मैट हेनरी, जेकब डफ़ी और ईश सोढ़ी को एक-एक विकेट मिला, लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ों के सामने उनके गेंदबाज़ असरदार साबित नहीं हो सके। भारत ने 15.2 ओवर में 3 विकेट पर 209 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज़ में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here