शिवम दुबे का धमाल: तूफानी पारी से बनाए दो बड़े रिकॉर्ड, सूर्यकुमार और ऋतुराज पीछे छूटे

0

नई दिल्ली : भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में भले ही हार का सामना करना पड़ा, लेकिन शिवम दुबे ने कीवी टीम के विरुद्ध शानदार जुझारूपन दिखाया। उन्होंने इस मैच में अहम पारी खेलते हुए भारत के लिए मजबूत फाइट दी। मध्यक्रम में दुबे ने अपनी उपयोगिता एक बार फिर साबित की है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले उनका इस तरह शानदार लय में होना टीम इंडिया के लिए बेहद सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

भारत को चौथे टी20 मुकाबले में 50 रन से हार झेलनी पड़ी और इस हार के लिए भारतीय बल्लेबाजों की नाकामी साफ तौर पर जिम्मेदार रही। हालांकि विकेट गिरने के सिलसिले के बीच शिवम दुबे ने विशाखापत्तनम में शानदार पारी खेली। दुबे ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 23 गेंदों पर 282.61 की स्ट्राइक रेट से 65 रन बनाए। दुर्भाग्यवश वह रन आउट हो गए, लेकिन उससे पहले उन्होंने अपनी तूफानी पारी में 7 छक्के और 3 चौके लगाए। इस धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर दुबे ने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और इस दौरान ऋतुराज गायकवाड़ व सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया।

शिवम दुबे ने सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ा

शिवम दुबे ने कीवी टीम के खिलाफ चौथे मैच में अपनी पारी के दौरान जो 65 रन बनाए उसमें स्ट्राइक रेट 282.61 रहा। इसके बाद वो भारत की तरफ से टी20आई के एक मैच में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से (कम से कम 50 रन) रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए। इससे पहले तीसरे स्थान पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव थे जिन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी 61 रन की पारी के दौरान 277.27 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे और अब वो चौथे नंबर पर आ गए। इस लिस्ट में युवराज सिंह पहले नंबर पर हैं जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 362.50 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।

भारत के लिए एक T20I पारी में बेस्ट स्ट्राइक रेट (कम से कम 50 रन)

362.50 – युवराज सिंह ( बनाम इंग्लैंड 16 गेंदों पर 58 रन)
340.00 – अभिषेक शर्मा (बनाम न्यूजीलैंड 20 गेंदों पर 68* रन)
282.60 – शिवम दुबे बनाम न्यूजीलैंड 23 गेंदों पर पर 65 रन)
277.27 – सूर्यकुमार यादव (बनाम साउथ अफ्रीका 22 गेंदों पर 61 रन)
274.41 – रोहित शर्मा (बनाम श्रीलंका 43 गेंदों पर 118 रन)
263.15 – केएल राहुल (बनाम स्कॉटलैंड 19 गेंदों पर 50 रन)

शिवम दुबे के हाथों टूटा ऋतुराज गायकवाड़ का रिकॉर्ड

शिवम दुबे ने अपनी तूफानी पारी के दौरान ईश सोढ़ी के एक ओवर में 28 रन बटोर लिए। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए। इस मामले में उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने इससे पहले 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक ओवर में 27 रन बनाए थे। इस लिस्ट में शीर्ष स्थान पर युवराज सिंह हैं, जिन्होंने साल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ एक ओवर में ऐतिहासिक 36 रन जड़े थे।

T20I के एक ओवर में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बैटर्स

36 रन – युवराज सिंह बनाम (स्टुअर्ट ब्रॉड, इंग्लैंड 2007)
30 रन – संजू सैमसन बनाम (रिशाद हुसैन, बांग्लादेश 2024)
28 रन – रोहित शर्मा बनाम (मिशेल स्टार्क, ऑस्ट्रेलिया 2024)
28 रन – शिवम दुबे बनाम (ईश सोढ़ी, न्यूजीलैंड 2026)
27 रन – ऋतुराज गायकवाड़ बनाम (ग्लेन मैक्सवेल, ऑस्ट्रेलिया 2023)
26 रन – अभिषेक शर्मा बनाम (डायोन मायर्स, जिम्बाब्वे 2024)
26 रन – सूर्यकुमार यादव बनाम (हारून अरशद, एचकेजी 2022)
26 रन – रोहित शर्मा बनाम (हामिश बेनेट, न्यूजीलैंड 2020)
25 रन – विराट कोहली बनाम (किरोन पोलार्ड, वेस्टइंडीज 2019)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here