एनएसटी न्यूज, भोपाल। एमसीसी मैदान 1100 क्वाटर्स पर 28 जनवरी से पांचवें भोपाल ट्रॉफी टेनिस बाल नाईट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा और सैय्यद साजिद ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। शुभारंभ अवसर पर पुलिस इलेवन और मीडिया इलेवन के बीच मैत्री मैच खेला गया, जिसमें पुलिस इलेवन विजयी रही। टूर्नामेंट के पहले दिन दो मैच खेले गए। पहले मैच में जीएसटी और जीएसआई आमने-सामने थे। जीएसआई ने निर्धारित ओवर में 50 रन बनाए, लेकिन जीएसटी ने बिना किसी विकेट के सिर्फ 2 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर मैच जीत लिया। दूसरे मैच में परिणय कोलार और आर्मी वॉरियर आमने-सामने थे। परिणय कोलार ने दीपक विराट के 46 रनों की मदद से 8 ओवर में 7 विकेट पर 119 रन बनाए। आर्मी वॉरियर निर्धारित ओवर में केवल 79 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ परिणय कोलार अगले दौर में प्रवेश कर गया।


