NST News, भोपाल। आल इंडिया वेटरंस हॉकी टूर्नामेंट में एलजीएस मध्य प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। पुणे में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में एलजीएस मप्र ने मेजबान महाराष्ट्र को 4–2 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। अब शुक्रवार को फाइनल में उसका सामना तेलंगाना की टीम से होगा।
सेमीफाइनल मैच में एलजीएस मप्र की ओर से फारवर्ड लाइन ने बेहतरीन तालमेल दिखाया। मैच का पहला गोल आमिर दुर्रानी ने कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद फरहान अंसारी ने शानदार फील्ड गोल दागकर बढ़त को मजबूत किया। तीसरा गोल फैसल की स्टिक से आया, जबकि अंतिम गोल अमृत कीरो ने कर जीत पर मुहर लगा दी। महाराष्ट्र की टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन मप्र की मजबूत डिफेंस और आक्रामक खेल के सामने वह ज्यादा देर टिक नहीं सकी।
इससे पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एलजीएस मप्र ने केरल को 12–0 के बड़े अंतर से हराकर अपनी ताकत का एहसास कराया था। उस मैच में फरहान अंसारी ने अकेले पांच गोल दागे और विपक्षी डिफेंस को पूरी तरह छिन्न-भिन्न कर दिया। जफर हसन ने तीन गोल किए, जबकि फैसल ने दो गोल दागे। आमिर दुर्रानी और सरजू ने एक-एक गोल कर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया। दो मैचों में कुल छह गोल दागने वाले फरहान अंसारी इस समय टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल हैं। एलजीएस मप्र का आत्मविश्वास चरम पर है और टीम अब फाइनल में खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी।


