नई दिल्ली : पाकिस्तान सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी और इस मैच का बॉयकॉट करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है। हालांकि, इस महत्वपूर्ण मैच से ठीक पहले पाकिस्तान अपनी विवादित हरकतों से बाज नहीं आ रहा है, जो टूर्नामेंट की तैयारियों और खेल भावना पर सवाल खड़ा कर रहा है।
शाहिद अफरीदी ने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने पर जताया अफसोस
अब पाकिस्तान सरकार के फैसले पर इस टीम के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने रिएक्शन दिया। शाहिद अफरीदी का मानना है कि खेल और राजनिती को पूरी तरह से अलग रखना चाहिए और उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ नहीं खेलने के पाकिस्तान के फैसले पर अफसोस जताया। हालांकि उन्होंने अपनी सरकार के फैसले का समर्थन भी किया और आईसीसी से कहा कि इस मामले को निष्पक्ष तरीके से सुलझाया जाए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शाहिद अफरीदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि जब राजनीति दरवाजे बंद कर देती है तो क्रिकेट उन्हें खोल सकता है। उन्होंने अफसोस जताया कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा, लेकिन साथ ही कहा कि वह अपनी सरकार के फैसले के साथ हैं। अफरीदी ने यह भी कहा कि अब आईसीसी के लिए यह दिखाने का समय है कि वह निष्पक्ष, स्वतंत्र और सभी सदस्य देशों के लिए न्यायपूर्ण है, और यह केवल बयानबाजी से नहीं बल्कि ठोस कदमों से साबित होना चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने के पाकिस्तान सरकार के फैसले के बाद आईसीसी ने प्रतिक्रिया दी थी कि उन्हें अभी तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की ओर से कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार परिषद ने बताया कि वह पीसीबी के जवाब का इंतजार कर रही है और साथ ही बोर्ड से अपील की है कि वे कोई ऐसा कदम न उठाएं जिससे क्रिकेट को नुकसान पहुंचे, क्योंकि पाकिस्तान भी इस खेल का एक अहम हिस्सा है।

