टी-20 विश्व कप अभ्यास मैच: इंडिया ए ने USA को 38 रन से हराया, जगदीशन का तूफानी शतक, बदोनी की कप्तानी पारी

0

नवी मुंबई। टी-20 विश्व कप अभ्यास मैच में इंडिया ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका को 38 रन से हरा दिया। यह मुकाबला नवी मुंबई स्थित डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेला गया, जहां इंडिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में USA की टीम 19.4 ओवर में 200 रन पर सिमट गई। टॉस जीतकर USA ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उन पर भारी पड़ गया। इंडिया ए की शुरुआत आक्रामक रही। प्रियांश आर्य ने 13 गेंदों में 28 रन बनाए, हालांकि वे जसदीप सिंह की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद नारायण जगदीशन ने पारी को संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 55 गेंदों में 104 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। तिलक वर्मा ने भी फिटनेस साबित करते हुए 24 गेंदों में 38 रन बनाए। कप्तान आयुष बदोनी ने अंत में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में नाबाद 60 रन ठोके। उनकी पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। रियान पराग 2 रन बनाकर नाबाद लौटे।

USA की ओर से गेंदबाजी में अली खान, जसदीप सिंह और शुभम रांजने को एक-एक विकेट मिला, लेकिन अन्य गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे। 239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी USA टीम ने आक्रामक शुरुआत की। एंड्रियस गौस ने 31 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि कप्तान मोनांक पटेल 10 रन बनाकर आउट हुए। संजय कृष्णमूर्ति ने 18 गेंदों में 41 रन की तेज पारी खेलकर मुकाबले में रोमांच पैदा किया। शुभम रांजने (28) और हरमीत सिंह (25) ने भी तेजी से रन बनाए, लेकिन बढ़ता रन रेट और लगातार विकेट गिरने से USA लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

इंडिया ए की गेंदबाजी में रवि बिश्नोई सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट झटके। खलील अहमद और नमन धीर को 2-2 विकेट मिले, जबकि अशोक शर्मा और आयुष बदोनी ने एक-एक विकेट लिया। इस जीत के साथ इंडिया ए ने टी-20 विश्व कप से पहले अपनी तैयारियों का मजबूत संदेश दिया। जगदीशन का शतक और बदोनी की कप्तानी पारी टीम के लिए सकारात्मक संकेत रहे, वहीं गेंदबाजों ने भी दबाव में विकेट निकालने की क्षमता दिखाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here