भारत से नहीं भिड़ा पाकिस्तान तो बढ़ सकती हैं मुश्किलें, T20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 पर संकट

0

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप चरण में रविवार (1 फरवरी) को भारत के खिलाफ तय मुकाबले से हटने का फैसला लेकर पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस फैसले का सीधा असर पाकिस्तान की सुपर-8 और आगे नॉकआउट दौर में पहुंचने की संभावनाओं पर पड़ सकता है। कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाले इस मैच को न खेलने की स्थिति में पाकिस्तान को ग्रुप-स्टेज के शेष तीनों मुकाबले जीतने की मजबूरी बन सकती है। भले ही उसका सामना नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका जैसी अपेक्षाकृत कमजोर टीमों से है, लेकिन आईसीसी टूर्नामेंटों में पाकिस्तान को पहले भी कई बार चौंकाने वाले उलटफेर झेलने पड़े हैं।

पाकिस्तान की 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका से सुपर ओवर में हार गया था। इसके कारण वह आगे नहीं बढ़ पाया था। 2022 टी20 वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान फाइनल खेला था, लेकिन वह सेमीफाइनल में भाग्य भरोसे ही पहुंचा था। ग्रुप स्टेज में वह जिम्बाब्वे से हार गया था। अगर नीदरलैंड्स ने साउथ अफ्रीका को नहीं हराया होता तो पाकिस्तान ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो जाता। केवल ये दो मौके नहीं हैं जब पाकिस्तान उलटफेर का शिकार हुआ है।

चौंकाने वाले नतीजों से परेशान पाकिस्तान

पाकिस्तान की टीम को आईसीसी टूर्नामेंटों में पहले भी बड़े झटके लगते रहे हैं। 2007 के वनडे वर्ल्ड कप में आयरलैंड के हाथों मिली हार के बाद उसे ग्रुप चरण से ही बाहर होना पड़ा था। वहीं, 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को शिकस्त दी थी। ये आंकड़े साफ संकेत देते हैं कि भले ही सामने वाली टीमें कागजों पर कमजोर दिखें, लेकिन पाकिस्तान के लिए आगे की राह किसी भी तरह आसान नहीं रहने वाली है।

हर ग्रुप से दो टीमों को मिलेगी सुपर-8 की टिकट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 10वां एडिशन 2024 वर्ल्ड कप फॉर्मेट जैसा ही होगा। इसमें बांग्लादेश को छोड़कर टी20 में टॉप 10 रैंक वाली टीमों में से 9 टीमें शामिल हैं। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड खेलेगा। राजनीतिक तनाव के कारण बांग्लादेश ने भारत में खेलने से मना कर दिया था। भारत,ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों को सुपर-8 में पहुंचने में बहुत दिक्कत नहीं होनी चाहिए। सुपर-8 में एक ग्रुप से टॉप 2 टीमें पहुंचेंगी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप (रैंकिंग के साथ)

ग्रुप ए: भारत (1), पाकिस्तान (6), नीदरलैंड्स (13), नामीबिया (15), अमेरिका (18)
ग्रुप बी: ऑस्ट्रेलिया (2), आयरलैंड (11), ओमान (20), श्रीलंका (8), जिम्बाब्वे (12)
ग्रुप सी: इंग्लैंड (3), इटली (27), नेपाल (16), स्कॉटलैंड (14), वेस्टइंडीज (7)
ग्रुप डी: न्यूजीलैंड (4), साउथ अफ्रीका (5), अफ़ग़ानिस्तान (10), कनाडा (19), यूएई (17)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here