22.6 C
New Delhi
Sunday, March 15, 2026

अंडर-14 क्रिकेट: उत्तरप्रदेश ने राजसिंह डूंगरपुर ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

एनएसटी न्यूज, इंदौर। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित मध्यक्षेत्र राजसिंह डूंगरपुर ट्रॉफी बॉयज अंडर-14 का खिताब उत्तरप्रदेश ने अपने नाम कर लिया। 28 से 30 जनवरी 2026 तक इंदौर के डेली कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में उत्तरप्रदेश ने राजस्थान को पहली पारी की विशाल बढ़त के आधार पर पराजित किया।

फाइनल मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन उसकी पूरी टीम 53.3 ओवर में 218 रन पर सिमट गई। राजस्थान की ओर से पुनीत यादव ने सर्वाधिक 71 रन बनाए। उन्होंने 108 गेंदों की पारी में 14 चौके लगाए। मुकुल कौशिक ने 33 रनों का योगदान देकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उत्तरप्रदेश की गेंदबाजी प्रभावशाली रही। अर्नव ब्लोटिया ने 40 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद शेरान और सौरभ वर्मा को 2-2 सफलता मिली।

पहली पारी में उत्तरप्रदेश ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 134.1 ओवर में 590 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की इस मजबूत पारी की नींव हर्ष सिंह और आयुष्मान यादव ने रखी। हर्ष सिंह ने मैराथन पारी खेलते हुए 264 गेंदों में 28 चौकों की मदद से 188 रन बनाए। आयुष्मान यादव ने भी शानदार फॉर्म दिखाते हुए 157 रन बनाए, जिसमें 25 चौके शामिल रहे। कप्तान अर्नव ब्लोटिया ने भी अहम भूमिका निभाते हुए 85 रन जोड़े। उत्तरप्रदेश ने राजस्थान पर 372 रनों की बढ़त हासिल की। राजस्थान की ओर से अभिमन्यु चौधरी और गौरव पुनिया ने 3-3 विकेट लिए।

दूसरी पारी में राजस्थान ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए मैच समाप्ति तक 59 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 234 रन बना लिए। मुकुल कौशिक ने साहसिक नाबाद 110 रन की पारी खेलकर टीम को मैच ड्रॉ कराने में सफलता दिलाई, लेकिन पहली पारी की बड़ी बढ़त के कारण ट्रॉफी उत्तरप्रदेश के नाम रही।

पुरस्कार वितरण समारोह में डेली कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल सोमेन सिंह बाबू और मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मानद सचिव सुधीर आसनानी ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। इस अवसर पर एमपीसीए के कोषाध्यक्ष संजीव दुआ और मैनेजिंग कमेटी सदस्य राजीव रिसोड़कर एवं प्रसून कनमड़ीकर भी मौजूद रहे। उत्तरप्रदेश के कप्तान अर्नव ब्लोटिया को फाइनल का मैन ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट की 6 पारियों में 546 रन बनाए और 6 विकेट भी हासिल किए।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles