नई दिल्ली : अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 310 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। फैसल शिनोजादा ने सिर्फ 93 गेंदों में शानदार 110 रन की शतकीय पारी खेली। वहीं, उजैरुल्लाह नियाजई ने भी शतक जड़ा और 86 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
अफगानिस्तान के लिए तीसरे विकेट के लिए शिनोजादा और उजैरुल्लाह ने 148 रन की बेहतरीन पारी खेली। शिनोजादा की पारी का अंत दीपेश देवेंद्रन ने 46वें ओवर में किया और साझेदारी को तोड़ा। भारत के लिए कनिष्क चौहान और दीपेश देवेंद्रन ने 2-2 विकेट झटके। भारत के लिए आरएस अंब्रीश को विकेट भी नहीं मिला और वह महंगे भी साबित हुए। उन्होंने 9 ओवर में 65 रन खर्च किए।
भारतीय टीम को अब जीतने के लिए और फाइनल में पहुंचने के लिए 311 का कठिन लक्ष्य चेज करना होगा। इस पूरे टूर्नामेंट में देखा गया है चेजिंग आसान नहीं रही है। जिम्बाब्वे के मैदान पर 280, 290 से ज्यादा रन आमतौर पर चेज नहीं होते हैं। इसलिए भारतीय टीम को अगर फाइनल में जाना है तो यह कठिन लक्ष्य हासिल करना होगा। हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान पर भी चेजिंग का औसत स्कोर 294 रन है।
वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सभी की नजरें
वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से अभी तक बहुत बड़ी पारी इस टूर्नामेंट में नहीं निकली है। हालांकि, उन्होंने कई मौकों पर अच्छा स्टार्ट दिया है और पांच पारियों में 196 रन बनाए हैं। बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक भी जड़े थे। अब इस कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम और भारतीय फैंस को वैभव से एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
कप्तान आयुष म्हात्रे का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में अब तक बहुत खास नहीं रहा है, और उनसे इस अहम मुकाबले में शानदार पारी की उम्मीद होगी। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में इंग्लैंड अंडर-19 का सामना करेगी। इंग्लैंड ने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराया था। इसके अलावा, इंग्लैंड ने टूर्नामेंट से पहले खेले गए वार्म-अप मैच में भारत को भी मात दी थी।


