एनएसटी न्यूज, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एम. वाय. मेमोरियल ट्रॉफी सीनियर बॉयज इंटर डिवीजनल मल्टी डे क्रिकेट टूर्नामेंट में नर्मदापुरम और भोपाल डिवीजन के बीच खेले जा रहे चार दिवसीय मुकाबले ने तीसरे दिन के खेल के बाद रोमांचक मोड़ ले लिया है। अब टूर्नामेंट का यह मुकाबला चौथे और अंतिम दिन परिणाम की ओर बढ़ता दिख रहा है।
एमपीसीए मैदान, नर्मदापुरम में खेले जा रहे मैच में तीसरे दिन भोपाल डिवीजन ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 229 रन से आगे शुरू की। टीम 98 ओवरों में 331 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। भोपाल की ओर से प्रारब्ध मिश्रा ने 59 रन और पवन निर्वानी ने 50 रनों की अहम पारी खेली। नर्मदापुरम डिवीजन की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए रित्विक दीवान ने 6 विकेट झटके, जबकि प्रशांत और गौतम रघुवंशी ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही नर्मदापुरम डिवीजन ने पहली पारी के आधार पर 63 रनों की बढ़त ले ली।
दूसरी पारी में नर्मदापुरम डिवीजन ने दिन का खेल समाप्त होने तक 47 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 178 रन बना लिए हैं। टीम के लिए प्रवीण यादव 29 रन, अथर्व महाजन 26 रन पर आउट हुए, जबकि हिमांशु शिंदे 24 रन और आर्यन देशमुख 38 रन बनाकर नाबाद हैं। नर्मदापुरम डिवीजन की कुल बढ़त अब 241 रन की हो चुकी है। भोपाल डिवीजन की ओर से गेंदबाजी में सार्थक सोनी, पृथ्वीराज तोमर और पवन निर्वानी ने 2-2 विकेट लिए। अब मुकाबले का चौथा और अंतिम दिन खेला जाएगा, जहां नर्मदापुरम जीत की स्थिति मजबूत करने उतरेगा, वहीं भोपाल डिवीजन के सामने मैच बचाने या पलटवार करने की चुनौती होगी।

