धोनी बोले-यह भारतीय टीम सबसे खतरनाक, रोहित-विराट के लिए उम्र कभी पैमाना नहीं

0

मुंबई। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मौजूदा टीम इंडिया की जमकर तारीफ की है। धोनी ने साफ कहा कि यह भारतीय टीम दुनिया की सबसे खतरनाक टीमों में से एक है और इस फॉर्मेट के लिए जरूरी अनुभव और संतुलन टीम में पूरी तरह मौजूद है। उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर भी दो टूक कहा कि किसी खिलाड़ी के चयन में उम्र नहीं, बल्कि प्रदर्शन और फिटनेस ही पैमाना होना चाहिए। क्रिकेट कमेंटेटर जतिन सप्रू द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में धोनी एक कार्यक्रम के दौरान कहते नजर आए। धोनी ने कहा कि मजबूत टीम में जो भी गुण होने चाहिए, वे सभी इस भारतीय टीम में मौजूद हैं। खासतौर पर दबाव में खेलने का अनुभव इस टीम की बड़ी ताकत है।

उम्र को नहीं, प्रदर्शन को देखें

कार्यक्रम में जब धोनी से रोहित शर्मा और विराट कोहली की उम्र और 2027 वर्ल्ड कप को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कोई भी खिलाड़ी अगला वर्ल्ड कप क्यों नहीं खेलना चाहेगा। चयन के लिए उम्र नहीं, बल्कि प्रदर्शन और फिटनेस ही मानक होना चाहिए। धोनी ने अपने करियर का उदाहरण देते हुए कहा कि जब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था, तब उनकी उम्र 24 साल थी और किसी खिलाड़ी को यह बताने की जरूरत नहीं होनी चाहिए कि वह कितने साल का है। गौरतलब है कि विराट कोहली (37 वर्ष) और रोहित शर्मा (38 वर्ष) टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं।

ओस से हमेशा डर लगता है

धोनी ने भारतीय हालात में खेले जाने वाले मैचों में ओस की भूमिका पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ओस आने से गेंदबाजों के लिए हालात मुश्किल हो जाते हैं और टॉस का महत्व काफी बढ़ जाता है। धोनी ने साफ शब्दों में कहा, “मुझे ओस से नफरत है। ओस से बहुत कुछ बदल जाता है और इसी वजह से मैं अपने खेलने के दिनों में भी इससे डरता था।” महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने तीन ICC ट्रॉफियां जीती हैं। उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने 2007 का टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here