नई दिल्ली : अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शुक्रवार (7 फरवरी) को भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक मुकाबले के हीरो 14 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने महज 80 गेंदों पर 175 रनों की तूफानी पारी खेली। वैभव की इस धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने फाइनल में 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जीत के बाद वैभव सूर्यवंशी समेत पूरी भारतीय टीम जश्न में डूब गई। मैदान के बाद टीम बस में भी भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारों ने जोरदार जश्न मनाया और इस यादगार जीत को खास अंदाज़ में सेलिब्रेट किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वैभव सूर्यवंशी की आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने भारत के अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद टीम बस का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वैभव सूर्यवंशी और उनके साथी खिलाड़ी हरियाणवी गाना ‘तेरी जान कसम ले लांबा’ गाते और डांस करते नजर आ रहे हैं। जीत की खुशी में डूबी टीम का यह जश्न सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
फाइनल में चमके वैभव सूर्यवंशी, बचाकर रखा था तूफानी खेल
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन। वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया था। पांच मैचों में तीन अर्धशतक जड़े थे। 30 उनका न्यूनतम स्कोर था। 72 उनका सर्वोच्च स्कोर था। वैभव ने अपने शानदार प्रदर्शन को फाइनल के लिए बचाकर रखा था। उन्होंने इस मैच में 15 चौके और 15 छक्कों की मदद से 175 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी ने इंग्लैंड को मैच से ही बाहर कर दिया।
अंडर-19 WC में उभरा नया सितारा, वैभव सूर्यवंशी
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 पारियों में 62.71 के औसत से 439 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 169.50 का रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है। टूर्नामेंट में वैभव ने 41 चौके और 30 छक्के लगाए, साथ ही उनके नाम तीन अर्धशतक और एक शतक भी रहा। हालांकि, वह इस टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर नहीं बन सके। इंग्लैंड के बेन मायस ने 7 पारियों में 74 के औसत से 444 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।


