नई दिल्ली : भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएसए के खिलाफ जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी, लेकिन इस मुकाबले में टीम की मजबूत कड़ी मानी जाने वाली बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। अब दूसरे मैच से पहले उनकी फिटनेस को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। यूएसए के खिलाफ मुकाबले में अभिषेक फील्डिंग के लिए भी मैदान पर नहीं उतरे थे और उनकी जगह संजू सैमसन को फील्डिंग करते देखा गया था, जिससे उनके अगले मैच में खेलने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार को गौतम गंभीर के घर आयोजित टीम इंडिया के डिनर से भी अभिषेक शर्मा जल्दी निकल गए थे। पहले मैच के बाद मोहम्मद सिराज ने बताया था कि अभिषेक का पेट खराब था। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी मैच के बाद उनकी तबीयत ठीक न होने की पुष्टि की थी। वहीं, जसप्रीत बुमराह भी बुखार के चलते पहले मुकाबले में नहीं खेल पाए थे, जिससे टीम इंडिया की फिटनेस को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
फिटनेस सस्पेंस के बीच संजू सैमसन की बढ़ी उम्मीदें
अब जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट हो चुके हैं, लेकिन अभिषेक शर्मा को लेकर अभी तक कोई नया अपडेट सामने नहीं आया है। ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि क्या वह दूसरे मैच के लिए 12 फरवरी तक पूरी तरह से फिट हो पाएंगे या नहीं। अगर अभिषेक पूरी तरह फिट नहीं हुए, तो संजू सैमसन की टीम में एंट्री की संभावना बढ़ जाएगी और वह इशान किशन के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं।
भारतीय टीम 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी। इस मैच से पहले ही साफ हो चुका है कि जसप्रीत बुमराह टीम के साथ जुड़ चुके हैं और उपलब्ध रहेंगे। हालांकि, बुमराह के शामिल होने से टीम में किसी एक खिलाड़ी को बाहर करना पड़ेगा। ऐसे में अर्शदीप सिंह या मोहम्मद सिराज में से किसी एक की जगह कट सकती है, जो कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकती है।
टी20 वर्ल्ड कप: AI की नजर में भारत की संभावित प्लेइंग 11
मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह दोनों भारतीय पेसर्स ने यूएसए के खिलाफ 161 रन के स्कोर को डिफेंड करने के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। सिराज ने 4 ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट लिए थे। वहीं अर्शदीप ने 4 ओवर में 18 रन देकर दो विकेट झटके थे। अब बुमराह आएंगे तो सिराज की बली चढ़ सकती है। एआई ने भी सिराज को अपनी संभावित प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया है।
वहीं, गूगल जेमिनी और चैट जीपीटी दोनों की संभावित प्लेइंग 11 में अभिषेक शर्मा को शामिल किया गया है। हालांकि, चैट जीपीटी ने उनके फिटनेस और दूसरे मैच में खेलने को लेकर सस्पेंस भी जताया है। आइए देखते हैं कि दोनों प्लेटफॉर्म्स ने भारत की संभावित प्लेइंग 11 के लिए किस तरह का चयन किया है
Google Gemini द्वारा चुनी गई संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे/वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल (उपकप्तान), अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
ChatGPT द्वारा चुनी गई संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा/संजू सैमसन, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव।


