नई दिल्ली : घुटने की चोट के कारण T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा की सर्जरी हो गई है। इसकी जानकारी उन्होंने सोमवार को खुद दी। राणा ने सोशल मीडिया पर सर्जरी के बाद की अपनी एक तस्वीर साझा की और बताया कि ऑपरेशन सफल रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने लिखा कि सर्जरी अच्छे से हो गई है और अब उनका पूरा ध्यान रिकवरी पर है, ताकि वह जल्द से जल्द अपनी पसंदीदा चीज़ यानी क्रिकेट में वापसी कर सकें।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राणा के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद मोहम्मद सिराज को ऐन वक्त पर भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया था. राणा को इस सप्ताह के शुरुआत में 4 फरवरी 2026 को नवी मुंबई में वार्म-अप मैच के दौरान चोट लगी थी और उस समय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने माना था कि पेसर की हालत ठीक नहीं लग रही है. एक स्पेशलिस्ट से सलाह और उसके बाद स्कैन के बाद BCCI मेडिकल टीम ने राणा को टूर्नामेंट में खेलने के लिए अनफिट पाया था. पांच फरवरी को क्लिनिकल जांच में उनके घुटने में सूजन, मूवमेंट में दिक्कत और साइड जॉइंट लाइन में दर्द पाया गया. उन्हें सर्जरी की सलाह दी गई है.
वार्म-अप मैच में सिर्फ एक ओवर, फिर बाहर हुए गेंदबाज
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वार्म-अप मैच में सिर्फ एक ओवर ही फेंका, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए। इसके बाद घुटने में दर्द के चलते वह मैदान से बाहर चले गए। आईसीसी ने शुक्रवार देर रात जारी एक मीडिया रिलीज में बताया कि हर्षित राणा की जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है। राणा को 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच के दौरान दाहिने घुटने में चोट लगी थी, जिसके कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
हर्षित राणा की जगह करीब डेढ़ साल बाद टी20 टीम में वापसी करने वाले मोहम्मद सिराज ने अमेरिका के खिलाफ भारत के पहले वर्ल्ड कप मैच में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। सिराज ने अपने कोटे के 4 ओवर में 29 रन देकर तीन अहम विकेट झटके। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारत ने यह मुकाबला 29 रन से अपने नाम किया।


