नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की। ग्रुप-बी का यह अहम मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया, जहां कंगारू टीम ने 67 रनों से बाजी मारी। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ट्रैविस हेड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। एक समय टीम ने 88 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद मार्कस स्टोइनिस ने 29 गेंदों पर 45 रनों की अहम पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। आयरलैंड की ओर से मार्क अडायर ने 2 विकेट लिए, जबकि मैथ्यू हम्फ्रीज, जॉर्ज डॉकरेल और हैरी टेक्टर को 1-1 सफलता मिली।
टारगेट का पीछा करने उतरी आयरलैंड टीम की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 43 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा दिया था। यहां से जॉर्ज डॉकरेल ने 41 रनों की पारी खेलने के साथ टीम को इस मुकाबले में शर्मनाक स्थिति से बचाने का प्रयास तो किया लेकिन वह हार से नहीं बचा सके। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गेंदबाजी में नाथन एलिस और एडम जम्पा का कमाल देखने को मिला, जिसमें दोनों ही इस मैच में 4-4 विकेट लेने में कामयाब रहे, इसके अलावा मैथ्यू कूहनेमैन ने भी एक विकेट हासिल किया। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस जीत के साथ जहां 2 प्वाइंट्स लेने में कामयाब रही, तो वहीं ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में वह पहले नंबर पर पहुंच गई है, जिसमें उनका नेट रनरेट 3.350 का है। अब ऑस्ट्रेलियाई टीम अपना अगला मुकाबला 13 फरवरी को जिम्बाब्वे की टीम के खिलाफ खेलेगी।
ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड टीम की इस मुकाबले के लिए प्लेइंग 11
ऑस्ट्रेलिया – ट्रैविस हेड (कप्तान), जोश इंग्लिश (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मैट रेनशॉ, कूपर कोनोली, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, नाथन एलिस, जेवियर बार्टलेट, मैथ्यू कुहनेमन, एडम जम्पा।
आयरलैंड – पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोरकन टकर (विकेट कीपर), कर्टिस कैम्फर, बेंजामिन कैलिट्ज, जॉर्ज डॉकरेल, गैरेथ डेलानी, मार्क अडायर, बैरी मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज।

