नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-सी में नेपाल और इटली के बीच 12 फरवरी को दिन का दूसरा अहम मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में इटली ने नेपाल को एकतरफा अंदाज़ में 10 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर इटली के कप्तान हैरी मैनेंटी ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, जिसे उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया। नेपाल की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में सिर्फ 123 रन पर सिमट गई। नेपाल की ओर से आरिफ शेख ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए, जबकि कप्तान रोहित पौडेल ने 23 और आसिफ शेख ने 20 रनों का योगदान दिया। इटली की गेंदबाजी में क्रिशन कलुगामागे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं बेन मैनेंटी को 2 विकेट मिले, जबकि अली हसन, जेजे स्मट्स और जसप्रीत सिंह ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इटली की टीम ने नेपाल के खिलाफ इस मैच में 124 रनों के टारगेट को सिर्फ 12.4 ओवर्स मे ंबिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया, जिसमें उनके दोनों ओपनिंग बल्लेबाज मोस्का भाईयों की जोड़ी का कमाल देखने को मिला। एंथनी मोस्का और जस्टिन मोस्का दोनों के आगे नेपाल का कोई भी गेंदबाज अपना कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सका। एंथनी मोस्का ने इस मैच में 32 गेंदों में तीन चौके और छह छक्कों की मदद से 62 रनों की पारी खेली तो वहीं उनके भाई जस्टिन मोस्का ने 44 गेंदों में 5 चौके और तीन छक्कों की मदद से 60 रनों की पारी खेली।
नेपाल बनाम इटली मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
इटली – एंथनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, जेजे स्मट्स, हैरी मैनेंटी (कप्तान), बेन मैनेंटी, मार्कस कैम्पोपियानो, ग्रांट स्टीवर्ट, जियान मीडे (विकेटकीपर), जसप्रीत सिंह, क्रिशन कलुगामागे, अली हसन।
नेपाल – कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), दीपेंद्र सिंह ऐरी, आरिफ शेख, लोकेश बाम, गुलशन झा, करण केसी, नंदन यादव, संदीप लामिछाने, ललित राजबंशी।

