IND vs NAM: संजू सैमसन ने सूर्यकुमार यादव को पछाड़ा, बस इस खिलाड़ी से रह गए पीछे

0

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ग्रुप-ए के अपने दूसरे मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ मैदान पर उतरी है। इस मैच में टॉस हारने के बाद टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर रही है। भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन में दो बड़े बदलाव किए हैं। स्टार ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण उनकी जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया है। यह मुकाबला संजू सैमसन का टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू मैच है। इस खास मौके पर सैमसन ने एक रिकॉर्ड के मामले में कप्तान सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया है, हालांकि वह कुछ ही अंतर से अमित मिश्रा को पछाड़ने से चूक गए।

भारतीय टीम की तरफ से अब तक टी20 वर्ल्ड कप में के 10 संस्करण में भारतीय टीम की तरफ से कई खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिला है। संजू सैमसन जो पहली भी टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड का हिस्सा रह चुके हैं, उनको इस बार खेलने का मौका मिला है। संजू सैमसन का ये टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू मुकाबला था, जिसके साथ ही वह अब इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत की तरफ से खेलने वाले दूसरे सबसे ज्यादा उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला 31 साल 93 दिन की उम्र में खेला है, जिसमें उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव को इस लिस्ट में पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 31 साल 40 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप में अपना डेब्यू मैच खेला था। इस लिस्ट में पहले नंबर पर अमित मिश्रा का नाम है जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला 31 साल 117 दिन की उम्र में खेला था।

भारत के लिए सबसे ज्यादा उम्र में टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू मैच खेलने वाले खिलाड़ी
  • अमित मिश्रा – 31 साल 117 दिन (बनाम पाकिस्तान, साल 2014)
  • संजू सैमसन – 31 साल 93 दिन (बनाम नामीबिया, साल 2026)
  • सूर्यकुमार यादव – 31 साल 40 दिन (बनाम पाकिस्तान, साल 2021)
  • आशीष नेहरा – 31 साल 2 दिन (बनाम अफगानिस्तान, साल 2010)
  • लक्ष्मीपति बालाजी – 30 साल 358 दिन (बनाम अफगानिस्तान, साल 2012

नामीबिया के खिलाफ इस मुकाबले में संजू सैमसन को मौका जरूर मिला, लेकिन वह इसका पूरा फायदा नहीं उठा सके। सैमसन ने इस मैच में 8 गेंदों का सामना करते हुए एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 22 रन बनाए, जिसके बाद वह पवेलियन लौट गए। अब अभिषेक शर्मा के पूरी तरह फिट होने के बाद अगले मुकाबले में संजू सैमसन का प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना लगभग तय माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here