IND vs PAK: टीम इंडिया का दमदार प्रदर्शन, पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप में 8वीं बार हराया

0

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला गया, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। इस धमाकेदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया।

मैच में भारत को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला और टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम दबाव में बिखर गई और 18 ओवर में 114 रन ही बना सकी।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उनके आउट होने के बाद तिलक वर्मा और ईशान किशन ने पारी को संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की अहम साझेदारी हुई।

ईशान किशन ने इस दौरान 40 गेंदों पर 77 रन की तूफानी पारी खेली। उनके आउट होते ही भारतीय पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई। सूर्यकुमार यादव ने 32 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 25 और शिवम दुबे ने 27 रनों का योगदान दिया। ईशान की इस अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत 175 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट टीम की ओर से सैम अयूब सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके।

176 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। साहिबजादा फरहान बिना खाता खोले आउट हो गए। सैम अयूब ने 6, सलमान आगा ने 4 और बाबर आजम ने 5 रन बनाए। 13 के स्कोर पर पाकिस्तान की टीम 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी। इसके बाद 34 के स्कोर पर पाक टीम को चौथा झटका लगा, जब बाबर आजम आउट हुए। इसके बाद पांचवें विकेट के लिए उस्मान खान और शादाब खान के बीच 39 रन की पार्टनरशिप हुई। उस्मान ने 34 गेंदों में 44 रन बनाए। वहीं शादाब खान ने 14 रन की पारी 15 गेंदों में खेली। पाकिस्तान के सिर्फ चार बल्लेबाज डबल डिजिट स्कोर तक पहुंच पाए। टीम इंडिया की तरफ से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल सभी ने 2-2 विकेट लिए।

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 9 मैच खेले गए हैं। जिसमें से 8 बार टीम इंडिया ने बाजी मारी है। वहीं एक बार पाकिस्तान को जीत मिली है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने इस फॉर्मेट में पाकिस्तान के खिलाफ अपने दबदबे को बनाए रखा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here