नई दिल्ली : भारत ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 175 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम पूरे मुकाबले में दबाव में नजर आई और 18 ओवर में ही सिमट गई। पाकिस्तान की टीम महज 114 रन ही बना सकी, जिसके चलते भारत ने यह मुकाबला 61 रन से अपने नाम कर लिया।
टीम इंडिया की बल्लेबाजी की बात की जाए तो भारत को पहला झटका पहले ही ओवर में लग गया था, जब सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए। उन्होंने चार बॉल का सामना किया। इसके बाद तिलक वर्मा और ईशान किशन के बीच जबरदस्त साझेदारी हुई। ईशान किशन ने 40 बॉल पर 77 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 10 चौके और 3 छक्के लगाए। तिलक वर्मा काफी देर क्रीज पर तो रहे, लेकिन वे धीमी बल्लेबाजी करते हुए नजर आए। तिलक ने 24 बॉल पर 25 रन बनाए।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी एक ठीकठाक पारी खेली। उन्होंने 29 बॉल पर 32 रन बनाए। सूर्या ने तीन चौके लगाए। हार्दिक पांड्या पहली ही बॉल पर आउट हो गए। वे अपना खाता तक नहीं खोल पाए। हालांकि आखिरी के ओवर्स में शिवम दुबे ने 17 बॉल पर तेजी से 27 रन बनाकर भारत का स्कोर यहां तक पहुंच दिया। रिंकू सिंह ने केवल 4 बॉल खेलकर 11 रन बन दिए।
पाकिस्तान को पहला झटका पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने दिया, जब साहिबजादा फरहान आउट हो गए। वे खाता भी नहीं खोल पाए थे। हार्दिक पांड्या ने आते ही सैम अयूब को आउट कर पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया। वे छह रन ही बना पाए थे। इसके बाद कप्तान सलमान अली आगा भी आउट हो गए। बाबर आजम जब केवल 5 रन पर आउट हुए तो पाकिस्तान टीम प्रेशर में आ गई। भारत ने करीब करीब एकतरफा मैच जीता है।
भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो दो विकेट लिए। वहीं कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को भी एक एक सफलता मिली। रिंकू सिंह ने भी गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला।
टीम इंडिया का स्क्वाड: ईशान किशन (विकेट कीपर), संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अभिषेक शर्मा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर
पाकिस्तान का स्क्वॉड: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेट कीपर), शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक, फखर जमान, नसीम शाह, सलमान मिर्जा, ख्वाजा नफे।


