नई दिल्ली : आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भारत से मिली 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान की टीम अब ‘करो या मरो’ की स्थिति में पहुंच गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले के बाद टीम के हेड कोच माइक हेसन ने खिलाड़ियों को स्पष्ट और सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी हार के बाद निराशा स्वाभाविक है, लेकिन टीम को उसमें डूबे रहने के बजाय तुरंत खुद को संभालना होगा। हेसन ने जोर देकर कहा कि टूर्नामेंट अभी बाकी है और आगे बढ़ने के लिए खिलाड़ियों को मानसिक रूप से मजबूत रहना होगा।
भारत से हार के बाद हेसन ने माना, दबाव में टूटा पाकिस्तान
माइक हेसन ने माना कि बड़े मैच के दबाव में टीम अपने बुनियादी खेल से भटक गई, लेकिन साथ ही दोहराया कि टूर्नामेंट अभी खत्म नहीं हुआ है। अगले मुकाबले में बेहतर प्रतिक्रिया देना ही असली परीक्षा होगी। माइक हेसन ने अपनी टीम से भारत से मिली हार को जल्दी से भूलकर टूर्नामेंट के अगले चरण के लिए क्वालिफाई करने पर ध्यान देने को कहा है।
माइक हेसन की टीम के सामने अब साफ समीकरण है—टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में पहुंचने के लिए ग्रुप A के अपने अंतिम मुकाबले में नामीबिया को हराना ही होगा। भारत के खिलाफ मिली हार के बाद हेसन टीम के प्रदर्शन से स्पष्ट रूप से निराश नजर आए। उनका मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है, लेकिन अहम मौकों पर संयम और फोकस बनाए रखना जरूरी होता है। अब उनकी पूरी कोशिश है कि खिलाड़ी इस हार को पीछे छोड़कर जल्दी से दोबारा ध्यान केंद्रित करें और बुधवार को नामीबिया के खिलाफ होने वाले निर्णायक मैच में बेहतर प्रदर्शन करें।
भारत से हार के बाद हेसन बोले – टीम में निराशा साफ झलक रही है
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार माइक हेसन ने कहा, ‘हम सच में निराश हैं। हम उतना अच्छा नहीं खेल पाए जितना हम खेल सकते थे, लेकिन हम अभी टूर्नामेंट का हिस्सा हैं। टूर्नामेंट में हमेशा सबकुछ आपके पक्ष में नहीं होता है। हमारा काम खुद को संभालना है। यह पक्का करना है कि हम 2 या 3 दिन में अच्छी लय में हों।’
पाकिस्तान ने रविवार को गेंद से ठीक-ठाक प्रदर्शन किया और भारत को 20 ओवर में 175/7 पर रोक दिया, लेकिन पावरप्ले में 4 विकेट गंवाने के बाद वह कभी उबर नहीं पाया। माइक हेसन का मानना है कि उनके कुछ खिलाड़ी बड़े मौके के दबाव में आ गए होंगे। वह अब यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि खिलाड़ी T20 वर्ल्ड कप के बाकी मैचों में कैसे रिस्पॉन्स देते हैं।’
हेसन बोले – टीम की मजबूती अब उसके बेसिक्स पर निर्भर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार माइक हेसन ने कहा, ‘देखिए, जब कोई खिलाड़ी आप पर दबाव डालता है, तो यह बहुत मायने रखता है- क्या आप अपने बेसिक्स पर टिके रहेंगे या बिखर जाएंगे। …और मुझे लगता है कि यही असली चुनौती होने वाली है, क्योंकि जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, हम फिर से दबाव में आ जाएंगे।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार माइक हेसन ने कहा, ‘…और यह इस बात पर निर्भर करता है कि जब हम दबाव में होते हैं तो हम कैसे रिस्पॉन्स देते हैं। ये सभी लोग इंटरनेशनल प्लेयर हैं, वे सभी अच्छे प्लेयर हैं, लेकिन जब दबाव आता है, तो क्या वे डिसीजन मेकिंग (जरूरी फैसले लेने की कार्रवाई या प्रक्रिया) पर भरोसा करेंगे या वे शायद उससे बाहर जाएंगे? इस टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए हमें इसमें और बेहतर होना होगा।’


