नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारों में से एक बन चुके हैं। समस्तीपुर के 14 वर्षीय इस युवा खिलाड़ी को साल 2025 में सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला भारतीय क्रिकेटर माना गया था। अंडर-19 वर्ल्ड कप में उनके शानदार प्रदर्शन ने उनके कद को और बढ़ा दिया। अब खबरें आ रही हैं कि वैभव सूर्यवंशी इस साल शायद 10वीं की परीक्षा नहीं दे पाएंगे, क्योंकि वह इन दिनों लगातार अपने क्रिकेट कैंप और टूर्नामेंट में व्यस्त हैं। सीबीएसई बोर्ड 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च तक होनी हैं। वैभव 23 फरवरी से डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट भी आईपीएल की तैयारी के लिए खेल सकते हैं।
ऐसे में उनका परीक्षाएं छोड़ने का एक कारण यह भी हो सकता है। वहीं वैभव सूर्यवंशी जिस स्कूल (Modesty School in Tajpur) में पढ़ते थे वहां के डायरेक्टर आदर्श कुमार पिंटू ने वैभव के पिता से हुई बातचीत के बारे में बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,”सूर्यवंशी (वैभव) के पिता के साथ हुई चर्चा के बाद यह सामने आया कि उनके व्यस्त कार्यक्रम के कारण वह इस साल बोर्ड की परीक्षाओं में नहीं शामिल हो पाएंगे। वर्तमान में वह पूरी तरह क्रिकेट पर ही फोकस कर रहे हैं और आने वाले टूर्नामेंट्स की तैयारी में भी जुटे हैं।”
क्या टी20 लीग के चलते वैभव 10वीं की परीक्षा नहीं देंगे?
हाल ही में मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह रिपोर्ट सामने आई है कि वैभव सूर्यवंशी 23 फरवरी से नवी मुंबई में शुरू होने वाले डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में हिस्सा ले सकते हैं। इन दिनों वह अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के साथ भी प्रशिक्षण कैंप में शामिल थे। 26 मार्च से वैभव आईपीएल 2026 में व्यस्त हो जाएंगे। अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद भारत लौटने के बाद वह सीधे राजस्थान के कैंप में शामिल हो गए थे और घर नहीं गए।
यही कारण हो सकता है कि डीवाई पाटिल टूर्नामेंट और परीक्षा की तारीखों के क्लैश होने के कारण वैभव परीक्षा नहीं दे पाएंगे। बोर्ड और स्कूल की तरफ से साफ किया गया था वैभव को आम छात्रों की तरह की डील किया जाएगा। अब वैभव टूर्नामेंट खेलेंगे तो सीधे-सपाट नियमित रूप से वह एग्जाम नहीं दे सकते। इसलिए शायद क्रिकेटर और उनके पिता ने परीक्षाएं छोड़ने का फैसला लिया होगा।


