T20 वर्ल्ड कप: भारत से मिली 8वीं हार के बाद शाहिद अफरीदी ने जताया गुस्सा

0

नई दिल्ली : आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल आ गया है। कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के इतिहास में आठवीं हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों की उपयोगिता पर सवाल उठने लगे हैं। विशेष रूप से कप्तान बाबर आजम, तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और स्पिनर शादाब खान आलोचनाओं के केंद्र में हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ और पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने खुलकर इन तीनों को टी20 सेटअप से बाहर करने की मांग की। भारत के खिलाफ बड़े मैचों में लगातार नाकामी और दबाव में बिखरती टीम को लेकर दिग्गजों का मानना है कि अब नए खिलाड़ियों को मौका देने का समय आ गया है। नामीबिया के खिलाफ करो या मरो मुकाबले से पहले पाकिस्तान टीम पर बदलाव का दबाव साफ दिख रहा है।

वरिष्ठ खिलाड़ियों पर पाकिस्तानी क्रिकेट सितारों का कड़ा बयान

मोहम्मद यूसुफ और शाहिद अफरीदी ने शाहीन अफरीदी, बाबर आजम और ऑलराउंडर शादाब खान की कड़ी आलोचना की है। भारत के खिलाफ 15 फरवरी 2026 के मैच में सलमान अली आगा की टीम ने छह गेंदबाजों के साथ नया स्पिन फॉर्मूला अपनाया था, ताकि भारत को पिच पर पटरी से उतारा जा सके। लेकिन इशान किशन की तेज बल्लेबाजी के कारण यह योजना उल्टी पड़ गई। इस शर्मनाक नतीजे के बाद शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तानी न्यूज चैनल पर प्रदर्शन नहीं करने वाले खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने की बात कही। उन्होंने टीम मैनेजमेंट से अपील की कि 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ ग्रुप A के अंतिम मैच में शाहीन, बाबर और शादाब को टीम से बाहर रखा जाए। ग्रुप A में तीसरे नंबर पर मौजूद पाकिस्तान को सुपर 8 में क्वालिफाई करने के लिए हर हाल में नामीबिया को हराना होगा।

‘अगर निर्णय मेरा होता तो बाबर, शाहीन और शादाब को टीम से हटाता’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शाहिद अफरीदी ने कहा, ‘अगर मुझे यहां कोई फैसला करना होता, तो मैं कहता कि बाबर, शाहीन और शादाब को बाहर कर दो। नामीबिया के खिलाफ नए खिलाड़ियों को मौका दो और उनका आत्मविश्वास बढ़ाओ। हम काफी समय से देख रहे हैं कि सीनियर खिलाड़ी अच्छी टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रे हैं। अगर वे ऐसा नहीं कर सकते तो दूसरों को मौका दो।’ शाहिद अफरीदी का बाबर आजम और शादाब खान के साथ शाहीन शाह अफरीदी को भी टीम से बाहर करने की मांग करना निश्चित रूप से चौंकाने वाला है, क्योंकि पाकिस्तानी पेसर उनके दामाद भी हैं।

शाहीन, बाबर और शादाब का दौर खत्म

पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने भी शाहीन अफरीदी, बाबर आजम और शादाब खान की सीनियर तिकड़ी की आलोचना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन खिलाड़ियों को टी20 इंटरनेशनल सेट-अप से हटाया जाना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद यूसुफ ने X प्लेटफॉर्म पर लिखा, “शाहीन, बाबर और शादाब का टाइम खत्म हो गया है। पाकिस्तान की टी20 टीम को नए परफॉर्मर्स की जरूरत है, कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीतों से कुछ हासिल नहीं होगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here