T20 World Cup 2026 : क्या स्कॉटलैंड से पिछली हार का बदला ले पाएगी नेपाल? जानिए अहम बातें

0

नई दिल्ली : टी-20 विश्व कप 2026 के 33वें मुकाबले में मंगलवार (17 फरवरी) को नेपाल क्रिकेट टीम का सामना स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम से होगा। नेपाल की टीम पिछले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली हार को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। वहीं, स्कॉटलैंड की टीम इंग्लैंड के खिलाफ झेली हार से सीख लेकर दूसरी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है और फैंस को एक रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है। आइए जानते हैं इस मैच से जुड़ी अहम बातें।

दोनों टीमों के बीच अब तक कड़ा और संतुलित रहा है मुकाबला

टी-20 प्रारूप में नेपाल और स्कॉटलैंड टीम का एक-दूसरे के खिलाफ बराबरी का मुकाबला रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक केवल 2 मुकाबले खेले गए हैं और दोनों ने एक-एक मुकाबला जीता है। ये दोनों मुकाबले ICC टूर्नामेंट का हिस्सा थे। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला 20 जून, 2025 को खेला गया था, जिसमें स्कॉटिश टीम ने 34 रनों से जीत दर्ज की थी। ऐसे में नेपाल टीम पुरानी हार का बदला लेने का प्रयास करेगी।

कैसी हो सकती है नेपाल की प्लेइंग इलेवन?

नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी ने पिछले मुकाबले में गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया था। वह उसी फॉर्म को चौथे मैच में भी जारी रखना चाहेंगे। लोकेश बाम से भी ताबड़तोड़ पारी की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में संदीप लामिछाने शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे।
नेपाल की संभावित एकादश: कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), दिपेंद्र सिंह ऐरी, आरिफ शेख, लोकेश बाम, गुलशन झा, सोमपाल कामी, करण केसी, नंदन यादव और संदीप लामिछाने।

इस संयोजन के साथ उतर सकती है स्कॉटलैंड टीम

सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुंसी ने इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। ऐसे में वह माइकल जोन्स के साथ मिलकर टीम को बेहतर शुरुआत देना चाहेंगे। कप्तान रिची बेरिंगटन और टॉम ब्रूस पर मध्यक्रम की जिम्मेदारी होगी। माइकल लीस्क और ब्रैंडन मैकमुलेन से गेंदबाजी में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
स्कॉटलैंड संभावित एकादश: जॉर्ज मुन्सी, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), ब्रैंडन मैकमुलेन, माइकल जोन्स, टॉम ब्रूस, रिची बेरिंगटन (कप्तान), माइकल लीस्क, ओलिवर डेविडसन, मार्क वॉट, ब्रैड करी और सफयान शरीफ।

वानखेड़े स्टेडियम की पिच का मिजाज कैसा रहेगा?

वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। हालांकि, इस टूर्नामेंट में यहां रन बनाना उतना आसान नहीं लग रहा। अभी तक खेले गए मैचों में गेंदबाजों को काफी मदद मिली है। पिच स्पिनरों को कुछ हद तक ज्यादा सहायता प्रदान कर रही है। तेज गेंदबाजों को भी शुरुआती ओवर में मदद मिल रही है। हालांकि, यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। ऐसे में बल्लेबाज नजरें जमाकर बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।

कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 17 फरवरी को मुंबई में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक पूरे मैच का आनंद ले सकते हैं।

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी सबकी नजरें

मुंशी ने पिछले 10 मैचों में 143.91 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 331 रन बनाए हैं। बेरिंगटन ने 8 मैचों में 211 रन अपने नाम किए हैं। नेपाल से कुशल ने पिछले 10 मैचों में 281 रन बनाए हैं। दीपेंद्र 9 मैचों 235 रन बनाने में सफल रहे हैं। लीस्क ने 9 मैचों में 15 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रकार संदीप 9 मैचों में 13 विकेट चटका चुके हैं। इन सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।

कब और कहां देखें मुकाबला?

नेपाल और स्कॉटलैंड के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here