नई दिल्ली: इंग्लैंड की क्रिकेट लीग द हंड्रेड मेंस के लिए ऑक्शन का आयोजन 12 मार्च को किया जाएगा। इस ऑक्शन के लिए पाकिस्तान के 63 खिलाड़ियों ने अपना नाम रजिस्टर कराया है, जिसमें टी20 कप्तान सलमान अली आगा के साथ शाहीन अफरीदी, सैम अयूब और उस्मान तारिक जैसे नाम शामिल हैं।
लीग के इस ऑक्शन के लिए कुल 710 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। भारत को छोड़कर बाकी सभी देशों के खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लेने के लिए नाम दिया है। इसी बीच ऑक्शन के लिए मार्की प्लेयर्स की सूची भी जारी कर दी गई है, जिसमें हारिस रऊफ समेत कुल 10 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
हारिस रऊफ उन 10 बड़े खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनके नाम अगले हफ्ते होने वाले पहले मेन्स हंड्रेड ऑक्शन में सबसे पहले लिए जाएंगे। इस ऑक्शन के लिए पाकिस्तान के 14 प्लेयर्स को शॉर्टलिस्ट किया गया है। ECB और आठ फ्रेंचाइजी ने पिछले हफ़्ते एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी किया था जिसमें कहा गया था कि सिलेक्शन हर टीम की परफॉर्मेंस, अवेलेबिलिटी और जरूरतों के आधार पर किया जाएगा। यह बयान BBC की एक रिपोर्ट के बाद आया था जिसमें कहा गया था कि IPL फ्रेंचाइजी की पूरी या आंशिक मालिकाना हक वाली चार टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगाएंगी।
कुल 710 खिलाड़ियों में से 243 प्लेयर्स को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिनमें 14 पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल हैं। शॉर्टलिस्ट किए गए पाकिस्तानी खिलाड़ियों में हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान तारिक, सैम अयूब, अबरार अहमद, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, मोहम्मद आमिर, जमान खान, उसामा मीर, इमाद वसीम, आकिफ जावेद और सलमान मिर्जा के नाम शामिल हैं।
रऊफ, जिन्हें पाकिस्तान की वर्ल्ड कप टीम से बाहर रखा गया था, वह ऑक्शन के लिए 10 मार्की खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं। इस ऑक्शन में भी मार्की प्लेयर्स पर सबसे पहले बोली लगेगी। मार्की प्लेयर्स की लिस्ट में जॉनी बेयरस्टो, आदिल रशीद, जेम्स विंस, जॉर्डन कॉक्स और जो रूट पांच इंग्लैंड के घरेलू खिलाड़ी हैं, जबकि एडेन मार्करम, डेविड मिलर, सुनील नरेन, डेरिल मिचेल और रऊफ मार्की विदेशी खिलाड़ी हैं।
रऊफ पहले भी द हंड्रेड में खेल चुके हैं, उन्होंने वेल्श फायर के लिए दो सीजन खेला था और वहां कुल 16 विकेट लिए थे। वह हाल ही में हुए बिग बैश लीग में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी थे। हालांकि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उनको टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का मौका नहीं मिला था। पाकिस्तान को आने वाले दिनों में हंड्रेड विंडो के दौरान टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज का दौरा करना है। ऐसे में रऊफ द हंड्रेड के पूरे सीजन के लिए उपलब्ध होते हैं या नहीं ये देखने वाली बात होगी। वह द हंड्रेड में PCB से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट मिलने के बाद ही खेल पाएंगे।

