नई दिल्ली : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम का सामना न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम से हो रहा है। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा है, जहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव देखने को मिला है, जहां जिमी नीशम की वापसी हुई है, जबकि ईश सोढ़ी इस मुकाबले का हिस्सा नहीं हैं। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम में तीन बड़े बदलाव किए गए हैं, जिसमें कगिसो रबाडा, मार्को येनसन और केशव महाराज की टीम में वापसी हुई है।
इस टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। टीम ने लीग स्टेज से लेकर सुपर-8 तक हर मुकाबले में जीत दर्ज की है, जिससे उसका मनोबल काफी ऊंचा है। कप्तान एडेन मारक्रम की अगुआई में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। चाहे बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, हर विभाग में अफ्रीकी टीम मजबूत नजर आई है। सुपर-8 स्टेज में साउथ अफ्रीका ने भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे जैसी टीमों को मात देकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम टूर्नामेंट में 7 मैच खेल चुकी है, जिसमें से 4 जीती है और 2 में हार मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा।
साउथ अफ्रीका (प्लेइंग XI): एडेन मारक्रम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को येनसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एंगिडी।
न्यूजीलैंड (प्लेइंग XI): टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जिम्मी नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), कोल मकौंकी, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन।

