नई दिल्ली : भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बना ली। अब इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से रविवार, 8 मार्च को होगा। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। हालांकि फाइनल मैच से पहले मौसम को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। अगर इस बड़े मुकाबले के दौरान बारिश बाधा बनती है तो सवाल उठता है कि ऐसे में चैंपियन कैसे तय होगा। क्या फाइनल के लिए रिजर्व डे का प्रावधान रखा गया है या फिर मैच रद्द होने की स्थिति में कोई और नियम लागू होगा? आइए जानते हैं कि इस स्थिति में आईसीसी के नियम क्या कहते हैं।
बारिश की स्थिति में काम आएगा रिजर्व डे का नियम
आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले के लिए रिजर्व डे का प्रावधान रखा है। 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। अगर इस दिन बारिश की वजह से मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो इसे 9 मार्च यानी सोमवार को रिजर्व डे पर खेला जाएगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि यदि 8 मार्च को मैच शुरू हो जाता है और कुछ ओवरों के बाद बारिश की वजह से खेल रुक जाता है, तो 9 मार्च को मुकाबला उसी स्थिति से आगे बढ़ाया जाएगा।
वहीं अगर 8 मार्च को लगातार बारिश के कारण मैच शुरू ही नहीं हो पाता, तो रिजर्व डे यानी 9 मार्च को मैच को नए सिरे से खेला जाएगा। फाइनल मैच में नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 10-10 ओवर का मैच खेलना जरूर होगा। हालांकि अन्य टी20आई मुकाबले में 5-5 में ही नतीजा निकल जाता है, लेकिन आईसीसी के वर्ल्ड कप नियम के मुताबिक फाइनल में कम से कम दोनों टीमों के लिए 10-10 ओवर खेलना जरूरी होता है।
अगर फाइनल मैच नहीं हो पाया तो दोनों टीमें होंगी संयुक्त विजेता
आईसीसी ने फाइनल मुकाबले के लिए कट-ऑफ टाइम में 90 मिनट का अतिरिक्त समय रखा है, ताकि बारिश या किसी अन्य वजह से खेल रुकने की स्थिति में मैच पूरा कराने की कोशिश की जा सके। वहीं रिजर्व डे के दिन कट-ऑफ टाइम 120 मिनट का होगा, जिससे मुकाबले को पूरा कराने के लिए और ज्यादा समय मिल सके। अगर रिजर्व डे यानी 9 मार्च को भी बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो पाता और नतीजा नहीं निकलता है, तो ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि फिलहाल मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को अहमदाबाद में बारिश की संभावना बेहद कम है, इसलिए फैंस को पूरा फाइनल मुकाबला देखने की उम्मीद है।

