सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर की बढ़ी चिंता, कैसी होगी फाइनल में भारत की प्लेइंग 11

0

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार (6 मार्च) को भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। हालांकि सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम इंडिया की चिंता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। भारत को 8 मार्च को फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करना है और इस बड़े मुकाबले से पहले टीम मैनेजमेंट को प्लेइंग 11 को लेकर अहम फैसला लेना पड़ सकता है।

दरअसल, टीम की चिंता का कारण दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और नंबर-1 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती का हालिया प्रदर्शन है। दोनों खिलाड़ी सेमीफाइनल में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए, जिससे कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य कोच गौतम गंभीर के सामने फाइनल के लिए सही संयोजन चुनने की चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट खिताबी मुकाबले के लिए किस तरह की प्लेइंग 11 के साथ मैदान में उतरता है।

वानखेड़े में जब भारत और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की तब अभिषेक शर्मा सस्ते में पवेलियम लौट गए। उन्होंने 7 गेंद पर 9 रन बनाए। अभिषेक इस पूरे टूर्नामेंट में फ्लॉप रहे हैं। वह सिर्फ जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगा पाए हैं। वहीं वरुण चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के खिलाफ 4 ओवर में 64 रन दे दिए। वरुण भी पीछे कुछ मैचों से संघर्ष करते दिखे हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल से पहले भारतीय टीम को यह फैसला लेना है कि अभिषेक और वरुण पर भरोसा जताया जाए या नहीं।

फाइनल से पहले भारतीय टीम के पास क्या हैं विकल्प?

भारतीय टीम के पास विशुद्ध बल्लेबाज के तौर पर रिंकू सिंह जैसा विकल्प है। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर ऑलराउंडर के तौर पर विकल्प हैं। गेंदबाजी की बात करें तो मोहम्मद सिराज तेज गेंदबाज और कुलदीप यादव स्पिन के विकल्प हैं। भारत की प्लेइंग 11 में बदलाव होता है तो अभिषेक की जगह रिंकू को मौका मिल सकता है। संजू सैमसन के साथ इशान किशन पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

अभिषेक और वरुण का लंबे समय से खराब फॉर्म जारी

वरुण चक्रवर्ती की जगह कुलदीप यादव को मौका मिलने की चर्चा भी तेज हो गई है। हालांकि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में टीमें आमतौर पर अपने विनिंग कॉम्बिनेशन से छेड़छाड़ करने से बचती हैं। इसके बावजूद अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती लंबे समय से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं, जिससे टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में फाइनल के लिए प्लेइंग 11 में बदलाव किया जाए या फिर उसी संयोजन के साथ मैदान में उतरा जाए, दोनों ही स्थितियों में कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर पर सवाल उठना लगभग तय माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि खिताबी मुकाबले से पहले टीम इंडिया किस रणनीति के साथ मैदान में उतरती है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा/रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here