मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन: नंदिराजू क्वार्टर फाइनल में, 35 वर्ष वर्ग में चार खिलाड़ी सेमीफाइनल में

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल: 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप में गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता का आयोजन भेल खेल प्राधिकरण, एआईबीयू और भोपाल डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन संघ के संयुक्त तत्वावधान में भेल खेल प्राधिकरण बैडमिंटन कोर्ट में किया जा रहा है।  पुरुष एकल 60 वर्ष वर्ग में लक्ष्मीनारायण नंदिराजू ने बेहतरीन कोर्ट कवरेज और सटीक ड्रॉप शॉट्स के दम पर राजू राठौर को 21-18, 21-17 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।

वहीं पुरुष एकल 35 वर्ष वर्ग में पुष्पेंद्र सिंह, प्रतीक गुजराती, संदीप नियोगी और हेमंत गीते ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पुष्पेंद्र सिंह ने मिथुन सिंह को 14-21, 21-12, 21-13 से हराया, जबकि प्रतीक गुजराती ने मोहित को 21-10, 21-9 से मात दी। संदीप नियोगी ने हिमांशु को 21-9, 21-13 से पराजित किया और हेमंत गीते ने सत्येंद्र कुमार को 21-10, 21-14 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

अन्य वर्गों में भी रोचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष एकल 40 वर्ष वर्ग में प्रवीण बरथरे ने मनीष कुमार को 21-18, 21-17 से हराया, जबकि अंकित मोहता ने आशीष कुमार को 21-5, 21-15 से मात दी। अभिषेक भिड़े ने अमित सक्सेना को 21-18, 21-13 से और सत्येंद्र होलकर ने अशोक कुमार को 21-12, 22-20 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज की।

पुरुष एकल 45 वर्ष वर्ग में नितिन लशकरी ने पवन वाधवा को 17-21, 21-16, 21-7 से पराजित किया, जबकि सीमान्त श्रीवास्तव ने भगवान सिंह को 9-21, 21-18, 21-11 से हराया। हरिओम राठौर ने रुपेश मिश्रा को 21-18, 21-18 से मात दी।

पुरुष एकल 50 वर्ष वर्ग में सुधीर खरे, रजनीश मारण, सुनील सातव और अभिषेक अग्रवाल ने अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं 60 वर्ष वर्ग में थॉमस वर्गीस, राकेश कुमार और राजीव शुक्ला ने भी जीत दर्ज की।

युगल मुकाबलों में 35 वर्ष वर्ग में प्रतीक और सत्येंद्र की जोड़ी विजयी रही। 40 वर्ष वर्ग में अंकित मोहता और अमित सक्सेना तथा अभिषेक और गौतम की जोड़ी ने जीत दर्ज की। 45 वर्ष वर्ग में विशाल और नितिन तथा राजेश और रुपेश की जोड़ी ने अपने मुकाबले जीते। 50 वर्ष वर्ग में हबीब हुसैन और दिलीप मेहरा ने दलविंदर और दीप सिंह को 21-19, 21-13 से हराकर जीत हासिल की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here