रॉयल निमाड़ ईगल्स के लिए रीवा में क्रिकेट ट्रायल्स, 200 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

0

एनएसटी न्यूज, रीवा। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (सिंधिया कप) 2026 के अंतर्गत आईसेक्ट समूह की पुरुष क्रिकेट टीम ‘रॉयल निमाड़ ईगल्स’ के लिए गुरुवार को अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय मैदान पर चयन ट्रायल्स उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। ट्रायल्स में रीवा और शहडोल संभाग के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग और विकेटकीपिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।  चयन प्रक्रिया के दौरान चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया। इसमें तकनीकी दक्षता, फिटनेस, खेल की समझ और प्रतिस्पर्धी क्षमता जैसे पहलुओं को विशेष रूप से परखा गया। खिलाड़ियों के जोश और अनुशासन ने पूरे आयोजन को प्रतिस्पर्धात्मक ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम में एमपीएल ऑब्जर्वर शकील खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में संभागीय क्रीड़ा अधिकारी डॉ. एम. के. धोलपुरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे ट्रायल्स प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। इस अवसर पर डॉ. राम भूषण मिश्रा, विजय वाजपेई और डॉ. राकेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने इसे क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

उल्लेखनीय है कि आईसेक्ट समूह ने पिछले वर्ष प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर के रूप में सहभागिता निभाने के बाद इस बार टीम स्वामित्व के साथ खेल विकास की दिशा में नई पहल की है। टीम का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से उभरती प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी अवसर प्रदान करना है। समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि यह ट्रायल्स केवल चयन प्रक्रिया नहीं बल्कि खिलाड़ियों के लिए दीर्घकालिक विकास कार्यक्रम की शुरुआत है। रीवा में सफल आयोजन के बाद चयन ट्रायल्स का अंतिम चरण भोपाल में आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रदेशभर के खिलाड़ियों को समान अवसर मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here