एनएसटी 6वीं मीडिया खेल कार्निवाल 2026: जनसंपर्क ने दैनिक भास्कर को 72 रन से हराया, फाइनल में डिजियाना-11 से आज होंगी भिड़ंत

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। ओल्ड चैंपियन मैदान पर आयोजित नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स की ओर से आयोजित 6वीं मीडिया खेल कार्निवाल-2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में जनसंपर्क की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दैनिक भास्कर को 72 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। जहां उसका सामना डिजियाना-11 से रविवार को होगा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जनसंपर्क की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 181 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अखिल परास्ते ने 24 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 7 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं राहुल सिंह पाल ने 20 गेंदों में 36 रन बनाते हुए पारी को गति दी। कप्तान अनुराग उइके ने 14 गेंदों में 24 रन तथा सत्यम मालवीय ने 13 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया।

दैनिक भास्कर की ओर से अतुल खरे और विक्रम अहिरवार ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि निखिल शुक्ला, नरेंद्र राजपूत और हेमंत जोशी को एक-एक सफलता मिली। 181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दैनिक भास्कर की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और पूरी टीम 18.1 ओवर में 109 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अतुल खरे ने 27 रन और प्रभात शुक्ला ने 23 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।

जनसंपर्क की ओर से गेंदबाजी में राहुल सिंह पाल और जगदीश कुशवाहा ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। सत्यम मालवीय ने भी दो विकेट हासिल किए, जबकि अनुराग उइके, अमितेश सिंह और एसवीटी को एक-एक विकेट मिला। राहुल पाल सिंह मैन ऑफ द मैच बने। अपर संचालक जनसंपर्क गणेश जायसवाल और संपादक स्वदेश ज्योति अक्षत शर्मा ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here