नई दिल्ली : ईश सोढ़ी के चोटिल होने से न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसी मैच के बाद यह खबर सामने आई कि टीम के अहम लेग स्पिनर ईश सोढ़ी चोट के कारण पूरी टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। फिलहाल न्यूजीलैंड टीम मैनेजमेंट ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है, जिससे आगामी मैचों में टीम की गेंदबाजी संयोजन पर असर पड़ सकता है।
ईश सोढ़ी को प्रैक्टिस सेशन के दौरान लगी चोट
सोढ़ी को ये चोट 14 मार्च को बे ओवल में एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान गेंदबाजी करते समय लगी थी। चोट लगने के बाद उनके अंगूठे का स्कैन हुआ जिसमें पता चला कि उनका अंगूठा टूट गया है, जिसके चलते उन्हें सीरीज से बाहर होना पड़ा। इस चोट से उबरने के लिए उन्हें कम से कम चार हफ्ते का समय लगेगा। सोढ़ी पहले T20I मैच में नहीं खेले थे। उस मैच में न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सैंटनर ने कोल मैककॉन्ची के साथ मिलकर स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा संभाला था।
ईश सोढ़ी के बाहर होने के बाद कीवी टीम के कोच ने क्या कहा?
सोढ़ी के चोट को लेकर न्यूजीलैंड के कोच रॉब वॉल्टर ने कहा कि ईश न्यूजीलैंड के लिए खेलने को लेकर बहुत जुनूनी हैं, और हम जानते हैं कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप अभियान के बाद वह अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। T20 फॉर्मेट में उनके पास अपार अनुभव है, इसलिए सीरीज के बाकी मैचों में हमें उनकी कमी जरूर खलेगी। बता दें कि लॉकी फर्ग्यूसन, जो दूसरे और तीसरे मैच में खेलने वाले थे वह सोढ़ी के बाहर होने के बाद अब टीम के साथ जुड़ गए हैं। उन्हें दूसरे मैच में मौका मिल सकता है।
ईश सोढ़ी को ICC Men’s T20 World Cup में नहीं मिला था ज्यादा मौका
ईश सोढ़ी की बात करें तो वह मेंस T20I मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में चौथे नंबर पर हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्हें तीन मैचों में खेलने का मौका मिला था। इन तीनों मैचों में से उन्होंने दो बार गेंदबाजी की, लेकिन दोनों ही बार उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा टी20 मैच 17 मार्च को खेला जाएगा।

