nst news, bhopal. भोपाल के ओल्ड कैंपियन खेल मैदान, अरेरा कॉलोनी में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में 14वीं स्व. अरविंद चतुर्वेदी स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता एवं स्व. रमेश शर्मा ‘गुट्टू भैया’ ट्रॉफी 2026 के आयोजन की घोषणा की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ 1 मई से होगा, जिसमें शहर की विभिन्न टीमों के खिलाड़ी भाग लेंगे। आयोजकों ने बताया कि स्व. अरविंद चतुर्वेदी की स्मृति में वर्ष 1986 से इस क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता में स्वर्गीय रमेश शर्मा ‘गुट्टू भैया’ के नाम से ट्रॉफी भी जोड़ी गई है, जिससे प्रतियोगिता का महत्व और बढ़ गया है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अभय कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से यह टूर्नामेंट शहर के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
संरक्षक प्रियंका मिश्रा, पार्षद वार्ड-7 ने भी इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने का मौका देते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए खेल प्रेमियों से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के संयोजक आशीष मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता को तीन फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा। इसमें ओपन सीनियर, डिपार्टमेंट और कॉरपोरेट ग्रुप की 8-8 टीमें भाग लेंगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और शहर के क्रिकेट प्रेमियों में इसे लेकर उत्साह है।


