नई दिल्ली : न्यूजीलैंड ने हैमिल्टन में मंगलवार (17 मार्च) को दक्षिण अफ्रीका को 68 रनों से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज को दो मैचों के बाद 1-1 से बराबर कर लिया। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और न्यूजीलैंड ने ड्वेन कॉनवे की पारी की मदद से 20 ओवर में 6 विकेट पर 175 रन बनाए। साउथ अफ्रीका पर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और बेन सियर्स ने कहर बरपाया, दोनों ने 3-3 विकेट झटके। साउथ अफ्रीका 15.3 ओवर में 107 रन पर ऑल आउट हो गई। उनके लिए जॉर्ज लिंडे ने 275 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। तीसरा मैच शुक्रवार को ऑकलैंड में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड की पारी
ड्वेन कॉनवे ने न्यूजीलैंड की पारी में 49 गेंद पर 60 रन बनाए। जोश क्लार्कसन ने 9 गेंद में नाबाद 26 रन की तेज पारी खेली। कप्तान मिशेल सेंटनर ने 14 गेंद पर 20 रन और निक केली ने 12 गेंद पर 21 रन बनाए। कोल मैककॉन्ची ने 12 गेंद पर नाबाद 18 रन जोड़े। जेम्स नीशम ने 11 गेंद में 8 रन बनाए, जबकि टिम रॉबिन्सन केवल 1 रन ही बना पाए। साउथ अफ्रीका की ओर से वियान मुल्डर ने 2 विकेट झटके। जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, ओटनील बार्टमैन और गेराल्ड कोएट्ज़ी ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।
साउथ अफ्रीका की पारी
जॉर्ज लिंडे ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 12 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। रुबिन हरमन ने 12 गेंदों पर 19 रन जोड़े। अन्य बल्लेबाजों में वियान मुल्डर ने 16, जेसन स्मिथ ने 12 और डियोन फॉरेस्टर ने 10 रन बनाए। गेराल्ड कोएट्जी ने 2 और टोनी डी ज़ोरजे ने 1 रन बनाया। केशव महाराज और नकोबानी मोकोएना बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि ओटनील बार्टमैन नाबाद रहे। लॉकी फर्ग्यूसन और बेन सियर्स ने 3-3 विकेट झटके। कप्तान मिशेल सेंटनर ने 2 विकेट लिए, जबकि कोल मैककोन्ची और जेम्स नीशम ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।

