थ्रोबॉल: तिरुपति में एमपी की पुरुष टीम बनी उपविजेता, फाइनल में आंध्र प्रदेश से हुआ कड़ा मुकाबला

0

– गोवा, हरियाणा और तमिलनाडु को हराकर फाइनल में पहुंचे प्रदेश के जांबाज

– खेल मंत्री विश्वास सारंग ने दी खिलाड़ियों को बधाई

एनएसटी न्यूज, भोपाल। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में आयोजित 34वीं राष्ट्रीय फेडरेशन कप थ्रोबॉल प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की पुरुष टीम ने अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता होने का गौरव प्राप्त किया है। 13 से 15 मार्च तक चली इस राष्ट्रीय स्पर्धा में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने फाइनल तक के सफर में कई दिग्गज टीमों को धूल चटाई। खिताबी मुकाबले में मध्य प्रदेश का सामना मेजबान आंध्र प्रदेश से हुआ। मैच बेहद रोमांचक रहा, जहाँ पहले सेट में मध्य प्रदेश ने 15-11 से जीत दर्ज की। हालांकि, दूसरे सेट में आंध्र प्रदेश ने 15-08 से वापसी की। निर्णायक सेट में एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन अंत में आंध्र प्रदेश ने 15-13 से बाजी मारकर विजेता का खिताब जीता। मध्य प्रदेश को इस कड़े मुकाबले के बाद उपविजेता (रनर-अप) स्थान से संतोष करना पड़ा। इससे पहले मध्य प्रदेश की टीम ने गोवा को 15-6, 15-5 से और हरियाणा को 15-01, 15-02 से एकतरफा शिकस्त दी। तमिलनाडु के खिलाफ संघर्षपूर्ण मैच में टीम 15-11 और 15-12 से विजयी रही। सेमीफाइनल में भी मध्य प्रदेश ने ओडिशा को 15-10 और 15-08 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। थ्रोबॉल संघ के सचिव अविनाश बुरबुरे, आशीष सक्सेना, हेमंत कपूर, सुरेश चैनानी, जोइस थॉमस और संतोष वर्मा ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। इस बड़ी सफलता के बाद टीम ने आज मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से भेंट की। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए बधाई दी। इस अवसर पर थ्रोबॉल संघ के सचिव अविनाश बुरबुरे सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के सितारे

पुरुष टीम: विवेक कुशवाहा (कप्तान), मिथुन वर्मा, कमल कुशवाहा, चंद्रकांत हरडे, देवेंद्र अहिरवार, पवन तिवारी, आकाश तायड़े।

महिला टीम (उत्कृष्ट खेल): प्रेरणा लोखंडे (कप्तान), शोभा सरयाम, सीता मुखिया, आकृति पटेल।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here