कलिंगा स्टेडियम में खिलाड़ियों ने दिखाया दम; पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के कुशल प्रबंधन और खिलाड़ियों की मेहनत ने बढ़ाया प्रदेश का मान
एनएसटी न्यूज, भोपाल। ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित प्रतिष्ठित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित ‘राष्ट्रीय पैरालंपिक एथलेटिक्स चैंपियनशिप’ में मध्यप्रदेश की टीम ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रदेश के जांबाज पैरा-खिलाड़ियों ने अब तक कुल 9 पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। अनुशासन, कड़ी मेहनत और जीत के जज्बे के साथ खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल कर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
मजबूत नेतृत्व और रणनीतिक तैयारी
इस बड़ी सफलता के पीछे पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन मध्य प्रदेश (ParaSports Association MP) के बेहतर प्रबंधन की अहम भूमिका रही है। एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विवेक सिंह परिहार के निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने खिलाड़ियों के मनोबल को सातवें आसमान पर बनाए रखा। वहीं, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. दबास द्वारा टीम के बेहतर समन्वय और रणनीतिक तैयारी ने मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन में निखार लाया।
टीटी नगर स्टेडियम से मिली कामयाबी की ऊर्जा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस राष्ट्रीय सफलता की नींव वर्ष 2025 में भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान ही पड़ गई थी। उस प्रतियोगिता ने प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी कमियों को सुधारने और राष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए खुद को तैयार करने का शानदार अवसर प्रदान किया था।
सामूहिक प्रयास का सुखद परिणाम
एसोसिएशन के संयुक्त सचिव डॉ. अनिल कुमार अग्रहरी ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने डॉ. विवेक सिंह परिहार और डॉ. दबास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके समर्पण और सुनियोजित तैयारी की वजह से ही मध्यप्रदेश पदक तालिका में सम्मानजनक स्थान बना सका है।


