एनएसटी न्यूज, भोपाल। रायसेन जिले स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की बॉक्सिंग टीम ने पिछले तीन वर्षों में जिला और राज्य स्तर की कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में लगातार जीत दर्ज कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। कोच रोहित कहार के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने अनुशासन, फिटनेस और तकनीकी कौशल पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत बनाया, बल्कि मानसिक रूप से भी तैयार किया, जिससे वे बड़े मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन कर सके। यही कारण है कि विद्यालय के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
बालक वर्ग में कृष्णांत गौर, सत्यम आदिवासी, विकास ठाकुर, प्रयाग धराड़, नमन रघुवंशी और शिवांश आदिवासी जैसे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वहीं बालिका वर्ग में गरिमा चौधरी, गुंजन पष्टारिया, प्राची साहू और माधवी रजक ने भी अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। इन खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर यह साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र से भी प्रतिभाएं निकलकर बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं। कोच रोहित कहार का कहना है कि उनका लक्ष्य केवल प्रतियोगिताएं जीतना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को इस स्तर तक तैयार करना है कि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह निरंतर प्रयास और सहयोग मिलता रहा तो आने वाले समय में यह विद्यालय बॉक्सिंग के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान बना सकता है। प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार, उप-प्राचार्य निशांत कुमार तिवारी, पी.ई.टी. शिक्षिका संगीता गुरुदेव और डॉ. रणधीर ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


