भोपाल। विधायक ट्रॉफी अंडर-12 के तहत आज विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी और यंग स्टार बी चेम्प के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर यंग स्टार बी चेम्प ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी ने 30 ओवर में 1 विकेट खोकर 246 रन बनाए। कप्तान मेदांत उइके ने 90 गेंद में 21 चौके और 2 छक्कों की मदद से शानदार 116 रन बनाए। कबीर अग्रवाल ने 56 और ओम रघुवंशी ने 30 रन का योगदान दिया। यंग स्टार की तरफ से आरव ने 48 रन देकर एक विकेट लिया।
जवाबी पारी में यंग स्टार बी चेम्प की टीम 27 ओवर में 108 रन पर ऑल आउट हो गई और यह मैच 138 रन से हार गई। विश्वास सारंग की तरफ से गेंदबाजी में गामिनी उईके ने 21 रन देकर 3 विकेट और जयेश यादव ने 14 रन देकर 2 विकेट लिए। मेदांत उइके को प्लेयर ऑफ़ द मैच घोषित किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया। इस अवसर पर वार्ड 70 के पार्षद अशोक वाणी, वार्ड 69 के पार्षद सूर्यकांत गुप्ता, वार्ड 58 के पार्षद राकेश यादव और उपेंद्र तोमर सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।


