नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले कड़े रुख अपनाते हुए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सख्त संदेश दिया है। बोर्ड ने कुल 18 नए नियम लागू किए हैं, जो अभ्यास सत्र से लेकर मैच डे और जर्सी जैसे हर छोटे-बड़े पहलू को कवर करते हैं। बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और हर उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और चेतावनी शामिल हैं। नए सीजन से पहले जारी ये दिशा-निर्देश साफ संकेत देते हैं कि आईपीएल 2026 में अनुशासन ही सबसे बड़ा नियम होगा।
आईपीएल का नया संस्करण 28 मार्च 2026 से शुरू होने वाला है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 28 मार्च को बेंगलुरु स्थित एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले बीसीसीआई (BCCI) ने सभी टीम मैनेजरों को अपडेटेड नियम-पुस्तिका (Rule Book) भेजी है ताकि पूरे सीजन में नियमों का सुचारू रूप से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
IPL 2026: अभ्यास को लेकर क्या नए नियम हैं?
- खुले में प्रैक्टिस सेशन की मनाही है। सभी ट्रेनिंग सेशन तय नेट एरिया के अंदर ही होने चाहिए।
- टीमें किसी दूसरी टीम के लिए तय पिचों का इस्तेमाल नहीं कर सकतीं, भले ही उस टीम का सेशन जल्दी खत्म हो गया हो।
- मैच के दिनों में किसी भी हाल में प्रैक्टिस सेशन की मंजूरी नहीं होगी।
- मैच के दिनों में मैदान पर फिटनेस ड्रिल या टेस्ट करने की इजाजत नहीं है।
- अभ्यास के दिनों में मैदान पर सिर्फ खिलाड़ियों और आधिकारिक तौर पर मान्यता प्राप्त स्टाफ को ही जाने की मंजूरी होगी।
- परिवार के सदस्यों और दोस्तों को तय हॉस्पिटैलिटी एरिया में ही रहना होगा।
- बीसीसीआई की मंजूरी के लिए फ्रेंचाइजी को नेट बॉलरों और थ्रोडाउन स्पेशलिस्टों की सूची जमा करनी होगी।
- खिलाड़ियों को अभ्यास सत्र के लिए टीम बस से ही जाना होगा। हालांकि, जरूरत पड़ने पर टीमें दो ग्रुप में बंट सकती हैं। अभ्यास से जुड़े किसी भी अनुरोध के लिए वेन्यू मैनेजर से तालमेल बैठाना होगा।
IPL 2026: मैच के दिन के लिए क्या नियम हैं?
- सभी सपोर्ट स्टाफ को हर समय अपना पहचान पत्र (Accreditation Card) अपने पास रखना होगा। पहली बार नियम तोड़ने पर चेतावनी दी जाएगी, जबकि बार-बार नियम तोड़ने पर जुर्माना लगेगा।
- हिटिंग नेट का इस्तेमाल करते समय खिलाड़ियों को सावधानी बरतनी होगी ताकि गेंदें एलईडी (LED) विज्ञापन बोर्डों से न टकराएं।
- एलईडी (LED) बोर्डों के सामने बैठना मना है। सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों के बैठने की जगह संबंधित फ्रेंचाइजी द्वारा तय की जाएगी।
- ऑरेंज कैप और पर्पल कैप पहनने वाले खिलाड़ियों को मैच के दौरान ये कैप पहनना अनिवार्य होगा।
- मैच के बाद होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह (Post-Match Presentations) के लिए खिलाड़ियों को ड्रेस कोड का पालन करना होगा। ढीली-ढाली टोपियां (Floppy Hats) और बिना आस्तीन वाली जर्सी पहनने की मंजूरी नहीं है। नियम तोड़ने पर सजा मिलेगी।
- मैच के दिनों में आईपीएल 2025 के नियमानुसार, टीम डॉक्टर समेत सपोर्ट स्टाफ के केवल 12 सदस्यों को ही तय जगहों के अंदर जाने की अनुमति होगी।
IPL 2026: जर्सी के लिए क्या नए नियम हैं?
- अगर टीमें जर्सी नंबर बदलना चाहती हैं तो उन्हें लीग को कम से कम 24 घंटे पहले इसकी जानकारी देनी होगी।
- फ्रेंचाइजियों को बीसीसीआई (BCCI) की पहले से मंजूरी लेकर ज्यादा से ज्यादा दो अभ्यास मैच खेलने की मंजूरी है और ये मुकाबले साइड विकेट पर ही खेले जाने चाहिए।
- अगर ये मुकाबले फ्लडलाइट्स में खेले जाते हैं तो इनकी अवधि साढ़े तीन घंटे से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
- इसके अलावा टीमों को घरेलू मैच से चार दिन पहले तक मेन स्क्वायर पर अभ्यास करने की मंजूरी नहीं है। अगर जरूरी हो तो अभ्यास के लिए दूसरी जगह का इंतजाम करने के लिए राज्य एसोसिएशन के साथ मिलकर काम करना होगा।


