KAI सीनियर नेशनल कराते चैंपियनशिप 2026 का शानदार समापन, भोपाल में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल: Karate Association of India के तत्वावधान में आयोजित KAI सीनियर नेशनल कराते चैंपियनशिप–2026 का सफल समापन एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, कोलार रोड, भोपाल में हुआ। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया।

इस चैंपियनशिप में 19 राज्यों के लगभग 450 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे देश में कराते खेल की बढ़ती लोकप्रियता और स्तर का स्पष्ट संकेत मिला। प्रतियोगिता के दौरान कुमिते और काता स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय तकनीकी कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में बैकुंठ सिंह, डॉ. पंकज शुक्ला, योगेश कालरा और जयदेव शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य मुकाबलों में महिला कुमिते +68 किग्रा वर्ग में हरियाणा की दीपसाइखा ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष 75–84 किग्रा वर्ग में मध्यप्रदेश के हर्ष चौहान ने स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। वहीं सीनियर फीमेल काता में तमिलनाडु की टी. अबिया और सीनियर मेल काता में पश्चिम बंगाल के आदित्य धनराज ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस अवसर पर डॉ. पंकज शुक्ला ने कहा कि कराते केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मानुशासन, आत्मविश्वास और सशक्त चरित्र निर्माण का माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि भारत में कराते का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here