अप्रैल से शुरू होंगे समर कैंप, नई प्रतिभाओं को मिलेगा मौका: मंत्री विश्वास सारंग

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल: खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि अप्रैल माह से शुरू होने वाले समर कैंप के माध्यम से प्रदेश में नई खेल प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि समर कैंप का आयोजन पूरी तैयारी और प्रभावी योजना के साथ किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे खेलों से जुड़ सकें। टीटी नगर स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में आयोजित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभागीय कार्यों और आगामी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शुरुआती स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे भविष्य में उत्कृष्ट खिलाड़ी बन सकें।

मंत्री ने खेल अधोसंरचना के विकास को तेज करने के लिए विभाग का स्वयं का सिविल विंग स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उनका मानना है कि इससे निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और खेल परिसरों का रख-रखाव अधिक व्यवस्थित होगा। कोचिंग व्यवस्था को लेकर भी मंत्री ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कोचों की पदोन्नति प्रक्रिया की योजना तैयार करने और हेड कोच व कोचों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। इससे खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सकेगा।

इसके अलावा फीडर सेंटर, स्मॉल सेंटर और खेल अकादमियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उन्हें पुनः डिजाइन करने के निर्देश दिए गए, ताकि सभी इकाइयों में एकरूपता लाई जा सके और खिलाड़ियों के विकास की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा सके। बैठक में प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण मनीष सिंह, संचालक अंशुमान यादव और उप-संचालक बी.एस. यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here