नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले मंगलवार (25 मार्च) को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी बिक गई। आरसीबी को करीब 16,706 करोड़ रुपये में आदित्य बिड़ला ग्रुप, द टाइम्स ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन के कंसोर्टियम ने खरीदा। इसके बाद आदित्य बिड़ला ग्रुप के डायरेक्टर आर्यमन विक्रम बिड़ला को फ्रेंचाइजी का ड्राफ्ट बनाया गया है। 28 साल के आर्यमन खुद भी पेशेवर क्रिकेटर रह चुके हैं और अब क्रिकेट से जुड़े सबसे चर्चित और धनी नामों में शुमार हो गए हैं।
आर्यमन विक्रम बिड़ला ने भारत के घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। इस दौरान वे रजत पाटीदार और वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ियों के साथ खेल चुके हैं। वे इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा भी रहे, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल पाया। बाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज के रूप में शुरुआत करने वाले आर्यमन का क्रिकेट करियर ज्यादा लंबा नहीं चला और उन्होंने महज 22 साल की उम्र में ही क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
कम उम्र में बड़ा कदम: 17 साल में घर से दूर शुरू हुआ सफर
अरबपति उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे आर्यमन बिड़ला 17 साल की उम्र में अपना घर छोड़कर मुंबई से मध्य प्रदेश पहुंच गए थे। उन्हें नहीं पता था कि एक क्रिकेटर के तौर पर उनका भविष्य क्या होगा। वह मुंबई में काफी संघर्ष कर रहे थे। समय बर्बाद न करते हुए उन्होंने 2014 में मध्य प्रदेश में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट के लिए ट्रायल दिया। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड में मिडलसेक्स के पूर्व क्रिकेटर पॉल वीक्स के अंडर तीन महीने तक वेस्ट हैम्पस्टेड क्रिकेट क्लब और लंदन स्कूल्स क्रिकेट एसोसिएशन के लिए खेला।
2017 में रणजी डेब्यू
अक्टूबर 2017 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करने से पहले आर्यमन बिड़ला ने मध्य प्रदेश में जूनियर सर्किट में चार साल बिताए। उन्होंने नौ फर्स्ट-क्लास मैच खेले। इनमें से आठ मैच 2018-19 रणजी ट्रॉफी के दौरान थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सबसे खास बात यह थी कि उन्होंने अपने तीसरे फर्स्ट-क्लास मैच में बंगाल के खिलाफ ईडन गार्डन में पहला शतक लगाया। इससे मध्य प्रदेश को मैच को मुश्किल से ड्रॉ कराने में मदद मिली।
आईपीएल में एंट्री
आर्यमन बिड़ला को आईपीएल 2018 से पहले नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। 2018 में उन्हें एक भी मैच में खलेने को नहीं मिला। वह 2019 में भी राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे, लेकिन फिर खेलने को नहीं मिला। 2020 की नीलामी से पहले आर्यमन को राजस्थान रॉयल्स ने रिलीज कर दिया। इसके कुछ समय बाद आर्यमन ने अनिश्चित काल के लिए क्रिकेट से दूरी बना ली।
मेंटल हेल्थ के लिए बड़ा फैसला: क्रिकेट करियर छोड़ा
आर्यमन बिड़ला ने दिसंबर 2020 में मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देते हुए क्रिकेट से अनिश्चित समय के लिए ब्रेक ले लिया था। तब 22 साल के बिड़ला चोट से गुजर थे और उसी साल जनवरी से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने क्रिकेट से दूरी बनाने की जानकारी देते हुए लिखा था, ‘मुझे फंसा हुआ महसूस हुआ है। मैंने अब तक खुद को सारी परेशानियों से निकाला है, लेकिन अब मुझे लगता है कि मुझे अपने मानसिक स्वास्थ्य और सेहत को सबसे ऊपर रखना चाहिए। हम सबका अपना-अपना सफर होता है और मैं इस समय का इस्तेमाल खुद को बेहतर ढंग से समझने, नए और अलग-अलग नजरिए के लिए अपना दिमाग खोलने और अपनी मकसद ढूढ़ने के लिए करना चाहता हूं।’


