नई दिल्ली : लक्ष्य सेन, जो हाल ही में ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में उपविजेता रहे थे, अगले महीने होने वाले थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय पुरुष टीम की अगुआई करेंगे। वहीं महिला वर्ग में पीवी सिंधु और उभरती हुई स्टार उन्नति हुड्डा उभर कप में भारत की चुनौती पेश करेंगी।
2022 विजेता टीम के खिलाड़ी फिर साथ: भारत को खिताब की उम्मीद
भारतीय बैडमिंटन संघ ने 2022 में थॉमस कप में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली टीम के खिलाड़ियों को काफी हद तक बरकरार रखा है। उसने 24 अप्रैल से तीन मई तक डेनमार्क के होर्सेंस में होने वाली प्रतियोगिता के लिए सेन, किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय तथा सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी को टीम में बनाए रखा है। युवा शटलर आयुष शेट्टी को सीनियर स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद पहली बार टीम में जगह मिली है। पुरुष टीम में 2022 की खिताब विजेता टीम के सदस्य एमआर अर्जुन की भी वापसी हुई है, जिन्होंने चोट से उबरकर नए खिलाड़ी हरिहरन अमसाकरुनन के साथ युगल टीम में जगह बनाई है। 2022 की युगल टीम के सदस्य ध्रुव कपिला भी टीम का हिस्सा हैं, जबकि किरण जॉर्ज एकल में अतिरिक्त मजबूती प्रदान करेंगे।
सिंधू-हुड्डा पर नजरें: उबर कप में भारत की मजबूत चुनौती
पीवी सिंधु, जो 2019 की विश्व चैंपियन हैं, उभर कप में शीर्ष युगल जोड़ी गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली के साथ मिलकर भारत की चुनौती का नेतृत्व करेंगी। पिछली बार भारतीय टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी और इस बार उससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। टीम में उन्नति हुड्डा के साथ देविका सिहाग, चेतावनी बरुआ और तन्वी शर्मा जैसे युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है, जो भारत की उम्मीदों को मजबूती देंगी।
भारतीय टीमें इस प्रकार है:
पुरुष: लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, किदांबी श्रीकांत, एच.एस. प्रणय, किरण जॉर्ज, सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी, हरिहरन अम्सकरुनन, एम. आर. अर्जुन, ध्रुव कपिला।
महिला: पीवी सिंधू, उन्नति हुडा, तन्वी शर्मा, देविका सिहाग, इशरानी बरुआ, त्रीसा जॉली, गायत्री गोपीचंद, कविप्रिया सेल्वम, सिमरन सिंघी, तनीषा क्रास्टो।


