उत्तर प्रदेश : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा देश का नेतृत्व करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस उद्देश्य को साकार करने के लिए राज्य सरकार हर मंडल मुख्यालय पर खेल महाविद्यालय और उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करेगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लखनऊ में खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि केवल विश्व स्तरीय सुविधाओं और कड़ी मेहनत से ही यह महत्वाकांक्षी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खेलों की सुविधाओं को विश्व स्तरीय बनाने की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ाए जाने का दावा करते हुए मंगलवार को कहा कि साल 2030 में अहमदाबाद में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के शताब्दी संस्करण (100वां वर्ष) में राज्य के खिलाड़ी देश का नेतृत्व करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री ने यहां अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र और लक्ष्मण/रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार ने तय किया है कि हर मंडल मुख्यालय पर खेल महाविद्यालय बनाए जाएंगे और हर महाविद्यालय को किसी खास खेल के लिए उत्कृष्टता केंद्र के तौर पर विकसित किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “यह काम अभी से शुरू होगा, ताकि जब 2030 में अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल खेलों का शताब्दी संस्करण हो, तो राज्य के खिलाड़ी देश का नेतृत्व करें। ये स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बहुत अच्छा काम करेंगे।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रतिभा किसी खिलाड़ी की शुरुआत तो शानदार बना सकती है, लेकिन केवल कड़ी मेहनत ही उसे अपनी मंजिल तक पहुंचाती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “आप जितना ज्यादा पसीना बहाएंगे, जीत के उतने ही करीब पहुंचेंगे। खेल हमें गिरना, फिर उठना और फिर जीतना सिखाते हैं। जो गिरता है, वही उठता है और जो उठता है, वही जीत हासिल करता है।”


